कांगड़ा, 10 अगस्त। मेरा युवा भारत यानी माय भारत हिमाचल प्रदेश की ओर से युवा स्वयंसेवकों के लिए आयोजित छह दिवसीय आवासीय इंडक्शन प्रशिक्षण कार्यक्रम का सोमवार को कांगड़ा में शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नेतृत्व, स्वयंसेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ते हुए उन्हें समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए तैयार करना है।

कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में पुलिस अधीक्षक कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने युवा स्वयंसेवकों के साथ विशेष संवाद किया। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और समय को सकारात्मक एवं रचनात्मक गतिविधियों में लगाने का आह्वान किया, ताकि उनकी क्षमताओं का उपयोग समाज और राष्ट्र के निर्माण में हो सके।
एसपी कुलभूषण वर्मा ने युवाओं को नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि नशामुक्त युवा ही स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत की मजबूत नींव रख सकते हैं। उन्होंने युवाओं से खुद नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने आसपास के अन्य युवाओं को भी नशे के खिलाफ जागरूक करने और नशामुक्त भारत अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

उन्होंने युवाओं को अपनी जड़ों, संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहने का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक शिक्षा और नए अवसरों के साथ युवाओं को अपनी ग्रामीण पृष्ठभूमि और कृषि से जुड़े गौरव को कभी नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के महत्व को समझने तथा राष्ट्र की प्रगति में अपनी भूमिका पहचानने के लिए युवाओं को प्रेरित किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ विषय पर विशेष जागरूकता सत्र भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य आरएचएफडब्ल्यूटीसी छेब डॉ. दीपाली शर्मा तथा स्टेट डायरेक्टर इंचार्ज, माय भारत हिमाचल प्रदेश ध्रुव डोगरा सहित अन्य अधिकारी और स्वयंसेवक मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और वंदे मातरम् के गायन के साथ हुई। इसके बाद माय भारत के विजन, मिशन, संरचना और गतिविधियों के साथ युवा स्वयंसेवकों की भूमिका के बारे में प्रशिक्षण दिया गया। पहले दिन नेशनल यूथ कोर योजना, स्वयंसेवा एवं नेतृत्व विकास तथा सामाजिक परिवर्तन और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर भी प्रशिक्षण दिया गया।
दिन के अंतिम सत्र में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के तहत युवाओं को तंबाकू और नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया।

छह दिवसीय यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 10 से 15 अगस्त 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान स्वयंसेवकों को नेतृत्व, डिजिटल कौशल, युवा क्लब निर्माण, आपदा प्रबंधन, कार्यक्रम प्रबंधन, संचार और समुदाय के साथ समन्वय सहित विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


