हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के शिलाई में 55 वर्षीय खजान सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में नया खुलासा हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि खजान सिंह की मौत गोली लगने से हुई। इसके बाद मामले की जांच तेज कर दी गई है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।
मृतक के भाई रविंद्र सिंह ने किसी अज्ञात व्यक्ति पर गोली चलाकर खजान सिंह की हत्या करने का संदेह जताया है। पुलिस ने उनकी शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, शुरुआती जांच में पुलिस को फिलहाल हत्या की आशंका नजर नहीं आ रही है। शिकार के दौरान चलाई गई गोली लगने की संभावना को भी जांच के दायरे में रखा गया है।

धमाके जैसी आवाज सुनते ही बाइक से नीचे गिर गए खजान सिंह
पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर को रविंद्र सिंह अपने भाई खजान सिंह के साथ मोटरसाइकिल नंबर HP71A-4396 पर चांदपुर धार गांव से घर लौट रहे थे। सुबह करीब 7:20 बजे कोटी उतरोऊ मोड़ के पास रविंद्र सिंह को अचानक धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। इसी दौरान बाइक के पीछे बैठे खजान सिंह नीचे गिर गए।
रविंद्र सिंह ने सड़क से नीचे अपने भाई को घायल अवस्था में पाया। उनके माथे से खून निकल रहा था। इसके बाद परिजनों की मदद से उन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
हेलमेट में मिला छेद, अंदर से बरामद हुई धातु की गोली
घर पहुंचने के बाद रविंद्र सिंह ने अपने हेलमेट की जांच की तो उसके पिछले हिस्से में छेद मिला। हेलमेट के अंदर चांदी के रंग की धातु की एक गोली भी बरामद हुई। इसके अलावा रविंद्र सिंह के सिर और पीठ पर भी चोटें पाई गईं।
इसी बीच उन्हें सूचना मिली कि उनके भाई खजान सिंह की उपचार के दौरान मौत हो गई है। इस घटनाक्रम के बाद मामले ने गंभीर मोड़ ले लिया।
भाई ने अज्ञात व्यक्ति पर गोली चलाकर हत्या करने का जताया संदेह
रविंद्र सिंह ने पुलिस को दिए बयान में संदेह जताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने गोली चलाकर उनके भाई खजान सिंह की हत्या की है। उन्होंने यह भी बताया कि गोली लगने से उन्हें भी चोटें आई हैं।

पुलिस ने रविंद्र सिंह के बयान के आधार पर पुलिस थाना शिलाई में मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली लगने से मौत की पुष्टि
बुधवार को खजान सिंह के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। रिपोर्ट में उनकी मौत गोली लगने से होने की पुष्टि हुई। इसके बाद फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
इस दौरान डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र ठाकुर भी पुलिस टीम के साथ मौजूद रहे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। टीम वीरवार को भी मौके पर पहुंचकर जांच से जुड़े साक्ष्य जुटाएगी।
शिकार के दौरान चलाई गई गोली लगने की आशंका भी जांच के दायरे में
पुलिस की शुरुआती जांच में फिलहाल हत्या का मामला नजर नहीं आ रहा है। जांच में सामने आया है कि जिस जगह बाइक पर दोनों भाई मौजूद थे, वहां उनके आसपास या आगे-पीछे कोई अन्य व्यक्ति नहीं था।
ऐसे में पुलिस इस आशंका पर भी जांच कर रही है कि क्षेत्र में किसी व्यक्ति ने शिकार के उद्देश्य से गोली चलाई हो और वह खजान सिंह को लग गई हो। हालांकि, गोली किसने चलाई और किन परिस्थितियों में यह घटना हुई, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
हर पहलू से जांच कर रही पुलिस
डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र ठाकुर ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद खजान सिंह की मौत गोली लगने से होने की पुष्टि हुई है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है और वीरवार को भी मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि पुलिस मामले के हर पहलू को ध्यान में रखते हुए गहनता से जांच कर रही है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


