शाहपुर (कांगड़ा)। शाहपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सद्दूं के अंतर्गत आने वाले सद्दू गांव में पेयजल संकट लगातार गंभीर होता जा रहा है। हालात ऐसे हैं कि गांव के लोगों को रोजाना खतरनाक और फिसलन भरे रास्ते से होकर प्राकृतिक जल स्रोत से पानी लाना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में यह परेशानी और भी बढ़ गई है, जिससे ग्रामीणों में हादसे का डर बना हुआ है।

ग्राम पंचायत सद्दूं के उपप्रधान सुशील कुमार उर्फ अंकू ने बताया कि गांव के करीब 100 परिवार इस प्राकृतिक जल स्रोत पर निर्भर हैं। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को हर दिन कठिन रास्ता तय कर पानी लाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान रास्ता बेहद फिसलन भरा हो जाता है, जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
उन्होंने बताया कि गांव में पेयजल की स्थायी व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गांव में लगे हैंडपंप (नकले) बरसात के दिनों में पीने योग्य पानी उपलब्ध नहीं करा पाते, इसलिए ग्रामीणों के पास प्राकृतिक जल स्रोत से पानी लाने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं बचता।

उपप्रधान ने क्षेत्र के विधायक केवल सिंह पठानिया से गांव में विद्युत संचालित हैंडपंप लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि बिजली से संचालित हैंडपंप स्थापित कर दिया जाए तो करीब 100 परिवारों की पेयजल समस्या का स्थायी समाधान हो सकता है और लोगों को जोखिम भरे रास्ते से पानी लाने की मजबूरी से राहत मिलेगी।
ग्रामीणों ने भी प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि सद्दू गांव की पेयजल समस्या का जल्द समाधान किया जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके और बरसात के दौरान किसी संभावित हादसे से भी बचा जा सके।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!