शाहपुर। शाहपुर क्षेत्र की राजकीय प्राथमिक पाठशाला मोरछ (बोह) में लंबे समय से चली आ रही अतिरिक्त अध्यापक की मांग आखिरकार पूरी हो गई है। शिक्षा विभाग ने 21 नवंबर 2026 को जारी कार्यालय आदेश के तहत राजकीय प्राथमिक पाठशाला भलेड़ में कार्यरत जेबीटी अध्यापक रवि कुमार को अस्थायी तौर पर डेपुटेशन पर मोरछ स्कूल में तैनात करने के निर्देश दिए हैं। इस फैसले के बाद स्कूल में अब दो अध्यापक उपलब्ध होंगे, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
दरअसल, स्कूल में लंबे समय से पहली से पांचवीं कक्षा तक के सभी विद्यार्थियों को पढ़ाने और विद्यालय के अन्य कार्यों की जिम्मेदारी केवल एक अध्यापिका के पास थी। ऐसे में सभी कक्षाओं के बच्चों को पर्याप्त समय देना चुनौती बना हुआ था। अध्यापक की कमी के कारण कई अभिभावकों ने अपने बच्चों का दाखिला आसपास के दूसरे स्कूलों में भी करवा दिया था।

अतिरिक्त अध्यापक की तैनाती के आदेश जारी होने पर एसएमसी प्रधान सपना जरयाल, स्थानीय ग्राम पंचायत रुलहेड़ के उपप्रधान ओम चन्द, बलबान जरयाल, विनोद जरयाल सहित अन्य ग्रामीणों ने उप मुख्य सचेतक एवं शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया का आभार जताया है। ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से उठाई जा रही मांग पूरी होने से क्षेत्र के बच्चों को बड़ी राहत मिली है। इस फैसले से अभिभावकों में भी खुशी है।
बेहतर पढ़ाई और स्कूल में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ने की उम्मीद
एसएमसी प्रधान सपना जरयाल और पंचायत उपप्रधान ओम चन्द ने कहा कि अतिरिक्त अध्यापक की तैनाती से अब बच्चों को पढ़ाई के लिए अधिक समय मिल सकेगा और स्कूल में बेहतर शैक्षणिक माहौल तैयार होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि दो अध्यापकों की उपलब्धता से शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार आएगा और सरकारी स्कूल के प्रति अभिभावकों का विश्वास भी मजबूत होगा।

उन्होंने आसपास के गांवों के अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का दाखिला राजकीय प्राथमिक पाठशाला मोरछ में करवाएं। उनका कहना है कि विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाने के लिए ग्रामीणों, अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन समिति को मिलकर प्रयास करने चाहिए, ताकि बच्चों को अपने ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके और स्कूल में विद्यार्थियों की संख्या भी बढ़े।
ग्रामीणों ने कहा कि किसी भी गांव की वास्तविक तरक्की वहां के बच्चों को अच्छी शिक्षा मिलने से होती है। स्कूल में एक अतिरिक्त अध्यापक की तैनाती केवल प्रशासनिक निर्णय नहीं, बल्कि क्षेत्र के बच्चों के बेहतर शैक्षणिक भविष्य की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


