कांगड़ा: साईं मंदिर लंज में भगवान श्री सत्य साईं बाबा का 101वां जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर भव्य धार्मिक एवं आध्यात्मिक समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें हिमाचल प्रदेश के आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल तथा कानून मंत्री यादविंद्र गोमा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। वहीं, हिमाचल प्रदेश विधानसभा के उप मुख्य सचेतक एवं शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया विशेष रूप से उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान मंत्री यादविंद्र गोमा ने मंदिर में पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने श्रद्धालुओं को भगवान श्री सत्य साईं बाबा के 101वें जन्मोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि साईं बाबा का पूरा जीवन प्रेम, करुणा, मानवता और निस्वार्थ सेवा के आदर्शों को समर्पित रहा। उनकी शिक्षाएं समाज को आपसी भाईचारे, सद्भाव और मानव सेवा के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देती हैं।

मंत्री ने कहा कि आज के समय में साईं बाबा के विचार और शिक्षाएं पहले से भी अधिक प्रासंगिक हैं। खासकर युवा पीढ़ी को उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर समाज और राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक योगदान देना चाहिए।
बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए 51 हजार रुपये की घोषणा
समारोह में बच्चों की ओर से प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मंत्री ने सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है। बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्होंने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले बच्चों के लिए 51 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
इस दौरान मंत्री यादविंद्र गोमा ने स्थानीय लोगों की ओर से उनके समक्ष रखी गई विभिन्न मांगों और समस्याओं को भी गंभीरता से सुना। उन्होंने इनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
केवल सिंह पठानिया ने भी दी जन्मोत्सव की शुभकामनाएं
उप मुख्य सचेतक एवं शाहपुर विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि भगवान श्री सत्य साईं बाबा के आदर्श आज भी पूरी मानवता को प्रेम, सेवा, शांति और भाईचारे का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक और सामाजिक आयोजन समाज में आपसी एकता और सद्भाव को मजबूत करते हैं। साथ ही युवा पीढ़ी को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए क्षेत्रवासियों को जन्मोत्सव की शुभकामनाएं दीं और क्षेत्र के विकास एवं जनकल्याण के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
भव्य शोभायात्रा में शामिल हुए बड़ी संख्या में श्रद्धालु
जन्मोत्सव के अवसर पर मंदिर परिसर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। शोभायात्रा के दौरान भजन-कीर्तन के जरिए साईं बाबा का गुणगान किया गया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
समारोह में भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रसाद वितरण सहित विभिन्न धार्मिक गतिविधियां आयोजित की गईं। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने अलग-अलग क्षेत्रों में सराहनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित भी किया।

कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य मीना राणा, महिला ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नीना ठाकुर, प्रधान सर्वजीत, वीना देवी, उपप्रधान नसीब राणा, मनजीत राणा, रणजीत सिंह बग्गा सहित मंदिर कमेटी के सदस्य, अन्य गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। आसपास के गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भी समारोह में भाग लिया और भगवान श्री सत्य साईं बाबा के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


