सीमित आर्थिक संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद अगर हौसले बुलंद हों तो सफलता की राह आसान हो जाती है। उपमंडल रसवान की पल्लवी ने अपनी मेहनत और लगन से असिस्टेंट स्टाफ नर्स के पद के लिए चयनित होकर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है।

पल्लवी एक साधारण परिवार से संबंध रखती हैं। उनके पिता अनुपम कुमार मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं, जबकि माता रेखा गृहिणी हैं। आर्थिक सीमाओं और चुनौतियों के बावजूद पल्लवी ने अपने सपनों से समझौता नहीं किया। माता-पिता से मिले संस्कार, अनुशासन और लगातार मेहनत ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया।
पल्लवी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने नाना-नानी, माता-पिता और चाचा-चाची को दिया। बेटी की उपलब्धि पर पिता अनुपम कुमार ने बताया कि पल्लवी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा और जमा दो की पढ़ाई राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सरकाघाट से पूरी की। पढ़ाई के दौरान वह शुरू से ही अनुशासित, मेहनती और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रही।
इसके बाद पल्लवी ने लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज, नेरचौक से बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई पूरी की। नर्सिंग के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए उन्होंने लगातार मेहनत की और परीक्षा में पहले ही प्रयास में सफलता हासिल कर असिस्टेंट स्टाफ नर्स के पद के लिए चयनित हुईं।

पल्लवी की यह उपलब्धि उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद अपने सपनों को पूरा करने के लिए मेहनत कर रहे हैं। उनकी सफलता ने एक बार फिर साबित किया है कि लगन, अनुशासन और परिवार के सहयोग से मुश्किल परिस्थितियों में भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


