बद्दी: देवभूमि हिमाचल की समृद्ध गद्दी संस्कृति, धार्मिक आस्था और लोक परंपराओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जय मणिमहेश सेवा दल वेलफेयर सोसाइटी बद्दी की ओर से 26 दिसंबर 2026, शनिवार को विशाल शिव नुआला एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन अमरावती स्थित जीएस रिजॉर्ट में होगा, जहां भगवान भोलेनाथ के जयकारों के बीच श्रद्धा और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

कार्यक्रम में प्रसिद्ध नुआला गायक अजय शर्मा अपनी टीम के साथ पारंपरिक शिव नुआले के माध्यम से भगवान भोलेनाथ की महिमा का गुणगान करेंगे। वहीं, सांस्कृतिक संध्या में हिमाचली स्टार कलाकार ईशांत भारद्वाज, सुजाता भारद्वाज और कमल नेहरिया अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में शिव पूजन और नुआले के साथ हिमाचल की गद्दी संस्कृति तथा लोक परंपराओं की झलक भी देखने को मिलेगी। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण पारंपरिक कांगड़ी धाम का प्रसाद रहेगा। आयोजकों के अनुसार, श्रद्धालुओं को धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेने का अवसर मिलेगा।

जय मणिमहेश सेवा दल वेलफेयर सोसाइटी बद्दी के अध्यक्ष राजेंद्र चौहान ने सभी शिव भक्तों और क्षेत्रवासियों को कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लेने और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की है।
राजेंद्र चौहान का कहना है कि इस तरह के आयोजन धार्मिक आस्था को मजबूत करने के साथ हिमाचल की समृद्ध गद्दी संस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


