तनाव दूर करने का मंत्र सीख गए छात्र! छतराड़ी स्कूल में योग सत्र ने बच्चों को दिया स्वस्थ जीवन का संदेश

चंबा। जिला चंबा के धार्मिक और प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर क्षेत्र में स्थित आदि शिव शक्ति मंदिर के समीप राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छतराड़ी में आयुष विभाग के मार्गदर्शन में विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय की प्राचार्या मीनाल उप्पल मनप्रीत के सानिध्य में हुआ, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया।

योग सत्र का संचालन जिला कांगड़ा के आयुष्मान आरोग्य मंदिर रैत से पहुंचे योग प्रशिक्षक उद्यालक शर्मा ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न योगासन, सूक्ष्म व्यायाम, प्राणायाम और ध्यान की विधियों की जानकारी दी। योग प्रशिक्षक ने विद्यार्थियों को बताया कि आज के व्यस्त और तनावपूर्ण विद्यार्थी जीवन में मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य बनाए रखने के लिए योग बेहद आवश्यक है।

Advertisement

उद्यालक शर्मा ने कहा कि मानसिक तनाव से उत्पन्न होने वाली समस्याओं से बचने के लिए हास्य आसन और भ्रामरी प्राणायाम का नियमित अभ्यास करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को फेफड़ों को मजबूत रखने, मन को शांत करने और एकाग्रता बढ़ाने के लिए योग और मेडिटेशन का महत्व भी समझाया। सत्र के अंत में विद्यार्थियों को ध्यान (मेडिटेशन) भी कराया गया, जिससे उनका मन और मस्तिष्क तरोताजा महसूस हुआ।

योग सत्र के दौरान विद्यार्थियों को पौधारोपण के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही जंक फूड और नशे से दूर रहने का संदेश भी दिया गया। विद्यार्थियों ने पूरे कार्यक्रम में गहरी रुचि दिखाई और योग की विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाई।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक राजेंद्र, पिंकू, रविकांत, वजिंद्र, राज कुमार, नरतो, नरेश, रीना, सतनाम कौर, निखिल शर्मा सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कुल 156 विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यालय प्रशासन ने सफल आयोजन के लिए आयुष विभाग का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का आग्रह किया।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!