मंडी-कुल्लू राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित औट टनल के भीतर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। ट्रैवलर वाहन की चपेट में आने से नेपाली मूल के एक पुहाल (भेड़पालक) की मौत हो गई। हादसे में उसके साथ चल रही तीन भेड़ों की भी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक भेड़ घायल हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हादसे की सूचना मिलते ही औट थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। गंभीर रूप से घायल पुहाल को तत्काल सिविल अस्पताल नगवाईं पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल कुल्लू रेफर कर दिया।
कुल्लू अस्पताल में भी उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ, जिसके बाद डॉक्टरों ने उसे एम्स बिलासपुर रेफर किया। हालांकि, बिलासपुर ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान रविन बटाला पुत्र चन्द्र बहादुर बटाला, निवासी गांव एवं डाकघर विजयेश्वरी, तहसील व जिला रुकुम, अंचल रावती, नेपाल के रूप में हुई है।
औट पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच के लिए पुलिस टीम मौके से साक्ष्य जुटा रही है। साथ ही औट टनल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे में घायल भेड़ का भी उपचार किया जा रहा है।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


