शाहपुर, कांगड़ा: शाहपुर के वार्ड नंबर 6 (गोरडा-खपरनाला) में इन दिनों कुत्तों का आतंक लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है। यहां एक ही घर में पाले गए 19 कुत्तों ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। हालात ऐसे हो गए हैं कि ग्रामीणों ने अपने रोजमर्रा के मुख्य रास्ते से आना-जाना तक बंद कर दिया है। जहां पहले कुछ ही मिनटों में घर पहुंच जाते थे, अब लोग डर के कारण लंबा रास्ता अपनाकर करीब आधा घंटा लगाकर घर पहुंच रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस घर में रहने वाले किरायेदारों ने 19 कुत्ते पाल रखे हैं और उन्हें अक्सर खुला छोड़ दिया जाता है। ये कुत्ते राह चलते लोगों पर हमला कर रहे हैं और अब तक 3 से 4 लोगों को काटकर घायल भी कर चुके हैं। जब स्थानीय लोगों ने इस मामले की शिकायत की, तो कुत्तों के मालिकों ने उल्टा उनसे बहस और झगड़ा करना शुरू कर दिया, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम शाहपुर डॉ. गणेश ठाकुर ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने पुलिस थाना शाहपुर, नगर पंचायत और पशुपालन विभाग को पत्र जारी कर पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी है। एसडीएम ने साफ किया है कि रिपोर्ट मिलने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस बीच वार्ड नंबर 6 के उम्मीदवार नितिन कौशल और स्थानीय महिलाएं सुषमा देवी, सरला देवी और सिमरता देवी सहित कई लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान करने की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक इस ‘डॉग टेरर’ से राहत नहीं मिलती, तब तक लोगों का सामान्य जीवन प्रभावित रहेगा।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!