Shimla Drug Crackdown: सुन्नी में कार से 18 ग्राम चिट्टा बरामद, मंडी और हमीरपुर के दो आरोपी गिरफ्तार

जिला शिमला में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस थाना सुन्नी की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से करीब 18 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार 13 मई 2026 को सुन्नी पुलिस की टीम घराट नाला क्षेत्र में नाकाबंदी और वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान शिमला की ओर से आ रही एक संदिग्ध कार को जांच के लिए रोका गया। पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली, जिसमें कार में सवार दो लोगों के कब्जे से करीब 18 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महेश कुमार (28) पुत्र बालाराम निवासी गांव खमारला, डाकघर भांतल, तहसील करसोग जिला मंडी और मनोरमा देवी (34) पत्नी पुरुषोत्तम राम निवासी गांव झमयाट, डाकघर जिनझड़ी, तहसील एवं थाना भोरंज जिला हमीरपुर के रूप में हुई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना सुन्नी में अभियोग संख्या 19/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नशे की यह खेप कहां से लाई गई थी और आगे किसे सप्लाई की जानी थी।

शिमला पुलिस का कहना है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा और युवाओं को नशे के जाल में धकेलने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!