हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन में शैक्षणिक भ्रमण पर आए पंचकूला के लीटरा हैरिटेज स्कूल के विद्यार्थियों की बस शनिवार रात हादसे का शिकार हो गई। रात करीब 11:15 बजे चंडीगढ़-शिमला नेशनल हाईवे-5 पर चक्कीमोड़ से आगे तम्बू मोड़ के पास बस सड़क के बीच बने डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के समय बस में 51 बच्चे सवार थे।
इस दुर्घटना में स्कूल की प्रिंसिपल अमिता, चेयरमैन नरेंद्र सिंगला और कोऑर्डिनेटर मीनू घायल हो गए। बस में मौजूद कई बच्चों को भी हल्की चोटें आई हैं। हादसे के बाद बस में सवार बच्चों के बीच अफरा-तफरी मच गई।

शिक्षिका की शिकायत पर पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस को दी शिकायत में स्कूल की अध्यापिका शिल्पा चौहान निवासी रामगढ़, पंचकूला ने बताया कि वह पिछले चार वर्षों से स्कूल में पीआरटी अध्यापिका के पद पर कार्यरत हैं। 14 नवंबर को स्कूल के विद्यार्थी दो बसों में राजगढ़ घूमने के लिए आए थे। इनमें से एक बस में वह खुद, स्कूल की प्रिंसिपल, चेयरमैन, कोऑर्डिनेटर और 51 विद्यार्थी सवार थे।
ड्राइवर पर तेज रफ्तार और लापरवाही का आरोप
शिकायत के अनुसार, बस नंबर सीएच 02 एए 2295 को चालक साहिल चला रहा था। रात करीब 11:10 बजे जब बस तम्बू मोड़ के पास पहुंची तो चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए सड़क के बीच बने डिवाइडर में टक्कर मार दी।

टक्कर बस की चालक वाली तरफ लगी, जिससे उसके दाहिनी ओर के शीशे टूट गए। हादसे के बाद बस में सवार बच्चों में घबराहट और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


