हिमाचल में शुरू हुआ अनोखा डोंकी फार्म, 7 हजार रुपये लीटर तक बिकता है गधी का दूध; जानें क्यों है इतनी मांग

Date:

--Advertisement--

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के कंदरौर में गधा पालन और गधी के दूध के उत्पादन पर आधारित एक अनूठा स्टार्टअप शुरू हुआ है। तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने डेयरी कॉन्क्लेव-2026 के तहत डोंकी फार्म का शुभारंभ किया। कम उत्पादन, सीमित उपलब्धता और बताए जा रहे औषधीय गुणों के चलते गधी का दूध आज दुनिया के महंगे और बहुउपयोगी डेयरी उत्पादों में शामिल है।

गधी के दूध की कीमत आमतौर पर 5 से 7 हजार रुपये प्रति लीटर तक बताई जाती है। वहीं, इसके पाउडर की कीमत 20 हजार से लेकर 80 हजार रुपये प्रति किलोग्राम तक होती है।

Advertisement​

डेयरी के बाद अब डोंकी फार्म की शुरुआत

कंदरौर निवासी संजीव ठाकुर ने इसी साल गाय के दूध की डेयरी शुरू की थी। अब उन्होंने स्थानीय स्तर पर 12 गधे खरीदकर डोंकी फार्म की शुरुआत की है। उनका लक्ष्य जल्द ही गधों की संख्या बढ़ाकर कम से कम 25 करने का है। संजीव ठाकुर का दावा है कि प्रदेश में अपनी तरह का यह पहला फार्म है।

त्वचा की देखभाल से लेकर फार्मास्युटिकल उद्योग तक गधी के दूध की बढ़ती मांग ने इसे कारोबार के एक नए विकल्प के रूप में सामने ला दिया है।

मंत्री राजेश धर्माणी ने बताया उपयोगी स्टार्टअप

डोंकी फार्म के शुभारंभ के दौरान तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गधी के दूध की मांग और इसके विभिन्न उपयोगों का जिक्र किया। उन्होंने इस स्टार्टअप को लाभदायक और उपयोगी बताया।

गधी के दूध में लैक्टोज, व्हे प्रोटीन, लाइसोजाइम और लैक्टोफेरिन जैसे जैविक घटक पाए जाते हैं। ये तत्व इसे सामान्य दूध से अलग बनाते हैं।

कॉस्मेटिक्स से लेकर दवाइयां बनाने तक होता है इस्तेमाल

गधी के दूध का इस्तेमाल मुख्य रूप से प्रीमियम कॉस्मेटिक्स और स्किन केयर उत्पाद बनाने में किया जाता है। कई देशों में इससे एंटी-एजिंग क्रीम, साबुन, मॉइस्चराइजर और लोशन तैयार किए जाते हैं। इसके अलावा फार्मास्युटिकल उद्योग में दवाइयों और विशेष पोषण उत्पादों यानी न्यूट्रास्यूटिकल्स के निर्माण में भी इसका उपयोग होता है।

Advertisement

जिन शिशुओं या लोगों को गाय अथवा भैंस के दूध से एलर्जी होती है, उनके लिए भी गधी के दूध को एक विकल्प के तौर पर देखा जाता है।

सेहत और त्वचा के लिए बताए जाते हैं कई फायदे

गधी के दूध में मौजूद पोषक तत्वों और प्रोटीन के कारण इसे इम्यूनिटी और त्वचा की देखभाल के लिहाज से उपयोगी बताया जाता है। इसमें विटामिन ए, बी, सी, डी और ई के साथ ओमेगा-3 और ओमेगा-6 फैटी एसिड भी पाए जाते हैं।

इसके सेवन और इस्तेमाल को लेकर दावा किया जाता है कि यह त्वचा की नमी बनाए रखने, झुर्रियां कम करने और एक्जिमा व सोरायसिस जैसी समस्याओं में राहत देने में मदद कर सकता है। इसमें मौजूद लाइसोजाइम और लैक्टोफेरिन जैसे प्रोटीन रोगाणुरोधी गुणों से जुड़े हैं। इसे आसानी से पचने वाला दूध भी माना जाता है।

भारत को गधी के दूध का आयात करने की जरूरत नहीं रहेगी: संजीव ठाकुर

डोंकी फार्म के संचालक संजीव ठाकुर ने कहा कि गधी के दूध की उपलब्धता काफी कम है, जबकि इसकी मांग और उपयोगिता अधिक है। उन्होंने कहा, “हमारे यहां पहला डोंकी फार्म खुला है। अगर ऐसे अन्य लोग भी इस काम से जुड़ जाएं तो भारत को गधी के दूध का आयात करने की जरूरत ही न रहे।”

गाय के दूध से चार गुना अधिक विटामिन सी: डॉ. तरुण

भारतीय खाद्य एवं कृषि परिषद के महानिदेशक और सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी डॉ. तरुण श्रीधर ने गधी के दूध के पोषण संबंधी गुणों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गधी का दूध पोषण के लिहाज से मानव दूध के बराबर माना जाता है और इसमें गाय के दूध की तुलना में चार गुना अधिक विटामिन सी होता है।

Advertisement

उनके अनुसार, गधी के दूध में अन्य दूध की तुलना में विटामिन डी भी अधिक पाया जाता है, जो हड्डियों के लिए जरूरी है।

Advertisement

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!

--Advertisement--
--Advertisement--

Share post:

Subscribe

spot_img

Popular

More like this
Related

सोलन में 51 बच्चों से भरी स्कूल बस डिवाइडर से टकराई, प्रिंसिपल-चेयरमैन समेत कई घायल; हादसे के बाद मची अफरा-तफरी

सोलन में चंडीगढ़-शिमला नेशनल हाईवे-5 पर पंचकूला के लीटरा हैरिटेज स्कूल की बस डिवाइडर से टकरा गई। बस में 51 बच्चे सवार थे। हादसे में प्रिंसिपल, चेयरमैन और कोऑर्डिनेटर समेत कई लोग घायल हुए हैं।

करोड़ों की ड्रोन फंडिंग का दावा निकला फर्जी! IIT जोधपुर भी नहीं गया था सर्वेश शर्मा, 236 पन्नों की जांच रिपोर्ट में बड़े खुलासे

हमीरपुर के छात्र सर्वेश शर्मा के करोड़ों रुपये की ड्रोन फंडिंग और IIT जोधपुर के आयोजन में भागीदारी के दावों पर जांच में बड़े खुलासे हुए हैं। 236 पन्नों की रिपोर्ट के मुताबिक, छात्र आयोजन में शामिल नहीं हुआ था और कथित अनुबंध पर कॉलेज प्राचार्य के हस्ताक्षर भी नहीं मिले।

Kangra: धर्मशाला में विधानसभा सत्र से पहले प्रशासन अलर्ट, DC हेमराज बैरवा ने तपोवन पहुंचकर परखी तैयारियां

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के 16 से 21 नवंबर तक होने वाले शीतकालीन सत्र से पहले उपायुक्त हेमराज बैरवा ने तपोवन में तैयारियों का निरीक्षण किया। अधिकारियों को बिजली, पानी, अग्नि सुरक्षा और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

कांगड़ा के बनोई पुल के पास HRTC बस से 50.88 ग्राम चिट्टा बरामद, पालमपुर की महिला और पंजाब का 18 वर्षीय युवक गिरफ्तार; गगल...

कांगड़ा पुलिस की CIA टीम ने बनोई पुल के पास HRTC बस की चेकिंग के दौरान 50.88 ग्राम चिट्टा बरामद किया। पुलिस ने पालमपुर की 29 वर्षीय महिला और पंजाब के तरनतारन निवासी 18 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।