हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के सुन्नी क्षेत्र में पंचायत चुनाव के दौरान एक महिला प्रत्याशी के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। नालदेहरा पंचायत में प्रधान पद की उम्मीदवार सुषमा देवी ने आरोप लगाया है कि कुछ अज्ञात नकाबपोशों ने रास्ते में उन्हें रोककर मारपीट की और चुनाव से पीछे हटने के लिए डराने की कोशिश की। घटना के बाद क्षेत्र में चुनावी माहौल तनावपूर्ण हो गया है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार टिक्कर गांव की रहने वाली 48 वर्षीय सुषमा देवी पंचायत प्रधान और बीडीसी दोनों पदों के लिए चुनाव मैदान में थीं। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शुक्रवार दोपहर वह अपना प्रधान पद का नामांकन वापस लेने के लिए पंचायत घर जा रही थीं। इससे पहले वह बीडीसी पद का नामांकन वापस ले चुकी थीं। सुषमा देवी के मुताबिक जब वह घर से करीब 100 मीटर दूर दुर्गापुर मार्ग पर पानी के टैंक के पास पहुंचीं, तभी झाड़ियों में छिपे दो अज्ञात व्यक्ति अचानक उनके सामने आ गए। दोनों ने अपने चेहरे गमछे से ढके हुए थे और नीले रंग के प्लास्टिक के जूते पहन रखे थे।
पीड़िता का आरोप है कि दोनों नकाबपोशों ने उन्हें गर्दन और कंधों से पकड़कर धक्का दिया और मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने मदद के लिए आवाज लगाई, लेकिन कुछ ही देर में वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गईं। महिला प्रत्याशी का कहना है कि हमलावरों का मकसद लूटपाट नहीं था, बल्कि उन्हें डराकर चुनावी प्रक्रिया से दूर करना था। काफी देर बाद गांव के एक व्यक्ति के फोन आने पर उन्हें होश आया। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए मशोबरा अस्पताल ले जाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पंचायत चुनाव के दौरान सामने आई इस घटना ने स्थानीय राजनीति में हलचल बढ़ा दी है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!