रैत, 18 नवंबर 2026। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रैत (GSSS Rait) में बुधवार को आपदा प्रबंधन के तहत अग्निशमन मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को आग लगने की स्थिति में खुद को सुरक्षित रखने और आग बुझाने के लिए अग्निशामक यंत्र (Fire Extinguisher) व गैस सिलेंडर का सुरक्षित इस्तेमाल करने की जानकारी दी गई।
मॉक ड्रिल का संचालन विद्यालय के DPE मुकेश मनहास ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अग्निशामक यंत्र के उपयोग की प्रक्रिया व्यावहारिक रूप से समझाई। साथ ही, आपातकालीन परिस्थितियों में सतर्कता और सूझबूझ के साथ काम करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य शमशेर भारती ने भी विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि आपदा के समय जागरूकता, सावधानी और समय पर सही कदम उठाने से जान-माल के नुकसान को कम किया जा सकता है।
SMC बैठक में नशे के दुष्प्रभावों पर भी चर्चा
मॉक ड्रिल के साथ ही विद्यालय में प्रधानाचार्य शमशेर भारती की अध्यक्षता में विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) की बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके अलावा नशे के दुष्प्रभावों और युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में सदस्यों ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रखने, जागरूकता बढ़ाने और स्कूल में स्वस्थ एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया।

अंत में प्रधानाचार्य शमशेर भारती ने बैठक में शामिल सभी सदस्यों और विद्यालय स्टाफ का सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने विद्यार्थियों से आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक रहने और नशा मुक्त समाज के निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाने का संदेश दिया।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


