शाहपुर, 10 जुलाई। कांगड़ा जिले के शाहपुर बाजार में शुक्रवार को एक 69 वर्षीय व्यक्ति की अचानक गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद बाजार में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान राकेश कुमार (69), पुत्र सत्यपाल, निवासी अर्जुन नगर, पठानकोट (पंजाब) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार राकेश कुमार शाहपुर बाजार में एक दुकान के बाहर खड़े थे, तभी अचानक गिर पड़े। गिरने के दौरान उनके सिर पर गंभीर चोट भी लगी।
मौके पर मौजूद लोगों ने बिना देर किए उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि राकेश कुमार आढ़ती का कार्य करते थे और व्यापारिक काम के सिलसिले में अक्सर शाहपुर आते रहते थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!