पठानकोट-मंडी फोरलेन परियोजना के तहत शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में चंबी खड्ड पर करीब 120 मीटर लंबे फोरलेन ब्रिज को मंगलवार को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया। यह पुल रैत को लदवाड़ा से जोड़ता है। पुल शुरू होने के बाद वाहन चालकों को अब चंबी बाजार से होकर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे रैत से लदवाड़ा का सफर करीब एक मिनट में पूरा किया जा सकेगा।
18 पिल्लरों पर बना पुल
चंबी खड्ड पर तैयार किया गया यह पुल 18 पिल्लरों पर बनाया गया है। इसके निर्माण का काम पिछले करीब छह महीने से दिन-रात चल रहा था। पिल्लरों के दायरे में हाई एक्सटेंशन बिजली की तारें आने के कारण चार पिल्लरों का निर्माण लंबे समय तक प्रभावित रहा। बाद में बिजली की तारों को दूसरे टावर पर शिफ्ट किया गया, जिसके बाद निर्माण कार्य ने रफ्तार पकड़ी और पुल का काम पूरा किया गया।
शाहपुर में 17 किलोमीटर में फोरलेन का निर्माण
शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में पठानकोट-मंडी फोरलेन परियोजना के तहत करीब 17 किलोमीटर क्षेत्र में निर्माण कार्य किया गया है। पिछले करीब चार वर्षों से चल रहे इस प्रोजेक्ट का अधिकांश काम अब पूरा हो चुका है। द्रमण में एक तरफ अंडरपास का निर्माण कार्य अभी बाकी है, जबकि दूसरी तरफ तैयार अंडरपास से वाहनों की आवाजाही शुरू हो चुकी है।
तीन फुटओवर ब्रिज और रेन शेल्टर भी तैयार
फोरलेन पर यात्रियों की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर हाई मास्ट लाइटें लगाई जा रही हैं। कई जगहों पर इन लाइटों को शुरू भी कर दिया गया है। इसके अलावा घटनालू से राजोल तक तीन फुटओवर ब्रिज बनाए गए हैं। इनमें पहला घटनालू बाजार, दूसरा रैत में द्रोणाचार्य कॉलेज के पास और तीसरा लदवाड़ा में बनाया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए विभिन्न बस स्टॉप पर रेन शेल्टर भी तैयार किए गए हैं। द्रमण में करीब एक किलोमीटर लंबा अंडरपास भी इसी परियोजना का हिस्सा है।
शाहपुर बाजार में क्रॉसिंग बंद होने की तैयारी, व्यापारियों की बढ़ी चिंता
फोरलेन निर्माण के बीच शाहपुर बाजार में क्रॉसिंग बंद किए जाने की तैयारी से व्यापारियों और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है। व्यापारियों का कहना है कि फोरलेन निर्माण के कारण करीब 100 साल पुराना शाहपुर बाजार पहले ही प्रभावित हुआ है। अब बाजार धीरे-धीरे दोबारा व्यवस्थित हो रहा है। ऐसे में मुख्य बाजार की क्रॉसिंग बंद होने से दुकानदारों के साथ-साथ बाजार आने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
शाहपुर में अंडरपास की मांग
व्यापारियों ने रेहलू मार्ग और बंदला पुल के पास अंडरपास बनाने की मांग उठाई है। शाहपुर व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुनील वर्मा ने बताया कि इस मांग को स्थानीय प्रशासन, विधायक एवं उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज, अनुराग ठाकुर, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री और एनएचएआई के अधिकारियों के समक्ष कई बार उठाया जा चुका है।
एनएचएआई अधिकारियों को भेजी मांग
शाहपुर के एसडीएम डॉ. गणेश ठाकुर ने बताया कि स्थानीय लोगों और कारोबारियों की ओर से रेहलू मार्ग तथा बंदला पुल के पास अंडरपास बनाने की मांग की गई है। कारोबारियों की इस मांग को एनएचएआई के अधिकारियों को भेज दिया गया है।




For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


