शाहपुर। स्वर्गीय पूर्व मंत्री मेजर विजय सिंह मनकोटिया के 87वें जन्मदिवस पर शाहपुर कॉलेज का नाम उनके नाम पर रखने और उनकी प्रतिमा स्थापित करने की मांग उठी है। भाजपा किसान मोर्चा के आईटी संयोजक प्रणव शर्मा ने प्रदेश सरकार से इस दिशा में जल्द ठोस कदम उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मेजर मनकोटिया का योगदान, उनका व्यक्तित्व और शाहपुर क्षेत्र के विकास में उनकी भूमिका हमेशा याद रखी जाएगी। उनके सम्मान और स्मृति को स्थायी पहचान देने के लिए शाहपुर कॉलेज का नाम उनके नाम पर रखा जाना चाहिए।

प्रणव शर्मा ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि मेजर मनकोटिया को इस दुनिया से विदा हुए करीब दो महीने बीत चुके हैं, लेकिन प्रदेश सरकार ने अभी तक उनके सम्मान में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर सरकार किस बात का इंतजार कर रही है? क्या किसी महान व्यक्तित्व को सम्मान देने के लिए भी बार-बार मांग उठानी पड़ेगी?
उन्होंने कहा कि मेजर विजय सिंह मनकोटिया केवल एक राजनीतिक व्यक्तित्व नहीं थे, बल्कि शाहपुर की पहचान और गौरव से जुड़े हुए नाम थे। उनका मानना है कि आने वाली पीढ़ियों को उनके योगदान और सार्वजनिक जीवन से प्रेरणा मिलती रहनी चाहिए।
कॉलेज का नाम बदलने और प्रतिमा स्थापित करने की मांग
प्रणव शर्मा ने प्रदेश सरकार से मांग की कि शाहपुर कॉलेज का नाम स्वर्गीय मेजर विजय सिंह मनकोटिया के नाम पर रखने की प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए। साथ ही उनकी प्रतिमा को उचित स्थान पर पुनः स्थापित किया जाए।

उन्होंने कहा कि महान व्यक्तित्वों का सम्मान केवल श्रद्धांजलि देने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उनके योगदान को आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवंत बनाए रखना भी समाज और सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि शाहपुर की जनता इस मुद्दे पर सरकार से स्पष्ट जवाब और ठोस कार्रवाई की उम्मीद कर रही है।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


