शाहपुर, 25 अगस्त। शाहपुर में मंगलवार को हुई भारी बारिश के दौरान फोरलेन निर्माण की जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए। बंदला पुल के समीप बाबा मेडिकल स्टोर सहित आसपास की कई दुकानों में बारिश का पानी घुस गया, जिससे दुकानदारों को काफी नुकसान उठाना पड़ा। दुकानों में पानी भरने से दवाइयों और अन्य सामान के खराब होने की आशंका जताई गई है।
प्रभावित दुकानदारों का आरोप है कि फोरलेन निर्माण के दौरान बारिश के पानी की उचित निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी दुकानों की ओर आ गया। उनका कहना है कि फोरलेन के ड्रेनेज सिस्टम में खामियों के चलते भारी बारिश के दौरान पानी नालियों में जाने के बजाय दुकानों में घुस रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही शाहपुर व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुनील वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी और व्यापारी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित दुकानदारों से बातचीत कर स्थिति का जायजा लिया और जल निकासी की उचित व्यवस्था जल्द बहाल करने की मांग उठाई। व्यापार मंडल ने संबंधित विभाग और फोरलेन निर्माण कंपनी से इस समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की, ताकि भविष्य में बारिश के दौरान व्यापारियों को इस तरह के नुकसान का सामना न करना पड़े।
वहीं, नगर पंचायत शाहपुर में भी भारी बारिश के दौरान जल निकासी व्यवस्था की खामियां सामने आने की बात कही गई है। इस कारण कई व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेवानिवृत्त प्रिंसिपल क्रांति अवस्थी की दुकान में पानी भरने से लाखों रुपये के नुकसान की सूचना है। प्रभावित लोगों ने फोरलेन निर्माण कंपनी से नुकसान की भरपाई और उचित मुआवजा देने की मांग की है।
नगर पंचायत शाहपुर की अध्यक्ष बबीता ठाकुर ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि नगर पंचायत प्रशासन प्रभावित परिवारों और व्यापारियों के साथ खड़ा है। उन्होंने बताया कि पूरे मामले को शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया के संज्ञान में भी लाया गया है।
बबीता ठाकुर ने कहा कि विधायक केवल सिंह पठानिया क्षेत्रवासियों के हितों से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाते रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि विधायक के हस्तक्षेप से प्रभावित लोगों को न्याय दिलाने और जिम्मेदार एजेंसी के खिलाफ उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि यदि फोरलेन निर्माण के दौरान जल निकासी का उचित प्रबंधन किया गया होता तो स्थानीय व्यापारियों को इस तरह के नुकसान का सामना नहीं करना पड़ता। नगर पंचायत इस मामले को संबंधित विभागों और उच्च अधिकारियों के समक्ष मजबूती से उठाएगी तथा प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने का प्रयास करेगी।




For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!



