किसी को अपनों ने घर से बेदखल कर दिया तो कोई अनजाने सफर में रास्ता भटककर अपनों से बिछड़ गई। जिंदगी के मुश्किल हालात ने दोनों को वृद्धाश्रम तक पहुंचा दिया, लेकिन यहीं उनकी मुलाकात ने जीवन की नई राह खोल दी। अकेलेपन से जूझ रहे 63 वर्षीय सबीना और 75 वर्षीय कन्हैया लाल अब एक-दूसरे का हमसफर बनने जा रहे हैं। दोनों 25 नवंबर को सात फेरे लेकर जिंदगी की नई शुरुआत करेंगे।
बिलासपुर जिले के घाघस क्षेत्र के दयोली स्थित अपना घर वृद्धाश्रम में यह पहला मौका होगा, जब यहां रहने वाले दो बुजुर्ग विवाह के बंधन में बंधेंगे। कोलकाता निवासी 63 वर्षीय सबीना और मंडी जिले के जंजैहली क्षेत्र के थुनाग गांव के रहने वाले 75 वर्षीय कन्हैया लाल ने साथ जीवन बिताने का फैसला किया है। दोनों का विवाह पहले बिलासपुर न्यायालय में करवाया जाएगा। इसके बाद वृद्धाश्रम में हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार शादी की रस्में निभाई जाएंगी। जिंदगी के कठिन दौर से गुजरने के बाद अब दोनों को एक-दूसरे के रूप में जीवनसाथी मिल गया है।

अपनों ने घर से निकाला तो जंगल की गुफा में रहने लगे कन्हैया लाल
कन्हैया लाल की जिंदगी में कभी परिवार और गांव की अपनी दुनिया थी। वह खेतीबाड़ी करके अपना जीवनयापन करते थे। उनकी पत्नी की लंबी बीमारी के कारण मृत्यु हो गई थी और उनकी कोई संतान भी नहीं थी। उन्होंने अपनी जमीन भी भाइयों के नाम कर दी थी, लेकिन इसके बावजूद बाद में भाइयों ने उन्हें घर से बेदखल कर दिया।
अपनों से मिले इस दर्द ने उन्हें अंदर तक तोड़ दिया। घर से निकाले जाने के बाद उनकी मानसिक स्थिति भी प्रभावित हुई और वह जंगल में एक गुफा में रहने लगे। जिंदगी के इसी मुश्किल दौर में वर्ष 2022 में उन्हें बिलासपुर लाया गया। तब से वह दयोली स्थित अपना घर वृद्धाश्रम में रह रहे हैं। करीब चार साल से यही आश्रम उनका घर बना हुआ है।
शिमला घूमने निकलीं सबीना, रास्ता भटकने पर पहुंचीं नारी निकेतन
कोलकाता की रहने वाली 63 वर्षीय सबीना की जिंदगी भी कई मुश्किलों से गुजरी। वह घूमने के लिए शिमला निकली थीं, लेकिन सफर के दौरान मशोबरा पहुंच गईं। रास्ता भटकने और मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण पुलिस ने उन्हें रेस्क्यू कर नारी निकेतन मशोबरा पहुंचाया।

सबीना करीब चार साल तक मशोबरा में रहीं। इसके बाद वर्ष 2025 में उन्हें बिलासपुर जिले के दयोली स्थित अपना घर वृद्धाश्रम में स्थानांतरित कर दिया गया। यहां पहुंचने के बाद उनकी जिंदगी में बदलाव आने लगा। इसी आश्रम में उनकी मुलाकात कन्हैया लाल से हुई।
एक-दूसरे का सहारा बने, अब शादी कर शुरू करेंगे नई जिंदगी
वृद्धाश्रम में साथ रहते हुए दोनों के बीच धीरे-धीरे अपनापन बढ़ने लगा। वे एक-दूसरे के काम में हाथ बंटाते और जरूरत पड़ने पर सहारा बनते थे। दोनों एक-दूसरे की सेहत का भी ध्यान रखते थे। जिंदगी में अकेलेपन और अपनों से मिले दर्द को झेल चुके इन दोनों बुजुर्गों को एक-दूसरे का साथ अच्छा लगने लगा। समय के साथ यह अपनापन गहरे रिश्ते में बदल गया और दोनों ने जीवन का बाकी सफर साथ बिताने की इच्छा जाहिर की।
आश्रम में दोनों के बीच बढ़ते लगाव को देखकर अपना घर वृद्धाश्रम दयोली के संस्थापक एडवोकेट प्रकाश बंसल ने उनसे बातचीत की। उन्होंने दोनों की भावनाओं और भविष्य की इच्छा को समझने का प्रयास किया। इस दौरान सबीना और कन्हैया लाल ने एक-दूसरे से शादी करने की इच्छा जताई। इसके बाद आश्रम प्रबंधन ने उनके फैसले का सम्मान करते हुए विवाह की तैयारियां शुरू कर दीं।
आश्रम के संस्थापक एडवोकेट प्रकाश बंसल ने बताया कि 25 नवंबर को दोनों बुजुर्गों की शादी करवाई जाएगी। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। विवाह से पहले बिलासपुर कोर्ट में शादी होगी और इसके बाद हिंदू रीति-रिवाजों के साथ विवाह की रस्में पूरी की जाएंगी।

शादी के बाद नालागढ़ के नए वृद्धाश्रम में रहेंगे दोनों
बिलासपुर न्यायालय में विवाह के बाद दयोली स्थित वृद्धाश्रम में पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार शादी की रस्में निभाई जाएंगी। इसके साथ ही सबीना और कन्हैया लाल एक-दूसरे को जीवनसाथी के रूप में स्वीकार कर नई जिंदगी शुरू करेंगे।
विवाह के बाद दोनों को दयोली से नालागढ़ स्थित नए वृद्धाश्रम में स्थानांतरित किया जाएगा। अपना घर वृद्धाश्रम के संस्थापक एडवोकेट प्रकाश बंसल ने बताया कि नालागढ़ में एक नया वृद्धाश्रम भी खोला गया है। शादी के बाद इस जोड़े को वहां भेजा जाएगा, जहां दोनों एक साथ रहकर अपने जीवन की नई शुरुआत करेंगे।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!



