शाहपुर। राष्ट्रीय क्षय रोग कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य खंड शाहपुर की 20 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया गया है। इस उपलब्धि के लिए शाहपुर अस्पताल के कॉन्फ्रेंस हॉल में सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें उपमंडलीय अधिकारी गणेश ठाकुर ने टीबी मुक्त घोषित पंचायतों के प्रतिनिधियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों का चयन छह निर्धारित मापदंडों के आधार पर किया गया। इनमें लगातार तीन वर्षों तक टीबी मुक्त स्थिति बनाए रखने वाली दो पंचायतों को स्वर्ण, पांच पंचायतों को रजत और 13 पंचायतों को कांस्य प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
समारोह में एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों, निक्षय मित्रों और आम लोगों के सामूहिक प्रयासों से टीबी उन्मूलन अभियान अब जन आंदोलन का रूप ले रहा है। उन्होंने कहा कि टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए स्वास्थ्य विभाग अन्य विभागों के साथ मिलकर लगातार काम कर रहा है।
टीबी की जल्द पहचान और समय पर उपचार के लिए आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है। हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीन की मदद से दूरदराज के क्षेत्रों में उच्च जोखिम वाली आबादी की जांच करना संभव हो रहा है। इससे टीबी की पहचान के बाद मरीजों का उपचार समय पर शुरू करने में मदद मिल रही है।
जिला स्तर से उपस्थित विशाल शर्मा ने कहा कि टीबी मरीजों के शीघ्र उपचार में पोषण सहायता की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने टीबी रोगियों को समय पर उपचार और आवश्यक पोषण सहायता उपलब्ध कराने की जरूरत पर जोर दिया।
एसडीएम शाहपुर ने पंचायत जनप्रतिनिधियों और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों से टीबी मुक्त भारत के अभियान को जन आंदोलन बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
इस अवसर पर ब्लॉक स्तर से डॉ. निखिल जमवाल, जिला क्षय रोग अधिकारी समन्वयक संजीव कुमार, ब्लॉक सीनियर ट्रीटमेंट सुपरवाइजर अमित कुमार, ब्लॉक अकाउंटेंट प्रियंका सभरवाल, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी और आशा कार्यकर्ता मौजूद रहे।




For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


