घुमारवीं में भाजपा के क्रमिक अनशन के छठे दिन प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल अनशन स्थल पर पहुंचे और कार्यकर्ताओं के संघर्ष को अपना समर्थन दिया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि जहां माफिया हावी है, वहां कार्रवाई नहीं होती, जबकि लोकतांत्रिक तरीके से सवाल पूछने और शिकायत करने पर एफआईआर दर्ज की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की यह राजनीतिक दादागिरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डॉ. राजीव बिंदल ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं और आमजन की शिकायतों को रद्दी की तरह कूड़ेदान में फेंका जा रहा है, जबकि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की शिकायत पर बिना जांच-पड़ताल भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामले दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए और शिकायतों पर निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए।
इस दौरान पूर्व खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग ने कहा कि घुमारवीं भाजपा पिछले 10 दिनों से क्रमिक धरना दे रही है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की शिकायतों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण आंदोलन शुरू करना पड़ा है।
इसके बाद डॉ. राजीव बिंदल रविवार को मंडी के धर्मपुर पहुंचे। धर्मपुर पहुंचने पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रजत ठाकुर के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
धर्मपुर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार पर हर मोर्चे पर नाकाम रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ऐसी सरकार को सत्ता से बाहर करने के लिए भाजपा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की आवश्यकता है, जो जनता से किए गए वादों को पूरा करने में विफल रही है।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


