धर्मशाला में आयोजित 67वीं राज्य स्तरीय अंडर-19 लड़के एवं लड़कियों की एथलेटिक्स मीट का समापन हो गया। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के सभी 12 जिलों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इसके अलावा बिलासपुर और चौपाल स्थित खेल छात्रावासों तथा खेलो इंडिया केंद्र के खिलाड़ियों ने भी अपनी प्रतिभा दिखाई। प्रतियोगिता में कुल 429 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
समापन समारोह की अध्यक्षता राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने की। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजकों, शिक्षकों, खेल प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों को बधाई दी। अनुराग शर्मा ने कहा कि खेलों में बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए प्रतिभा के साथ अनुशासन, लगातार अभ्यास और दृढ़ संकल्प भी जरूरी है। युवा खिलाड़ियों को अपने लक्ष्य तय करने चाहिए और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए लगातार मेहनत करनी चाहिए।

अनुराग शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने, आधुनिक सुविधाएं विकसित करने और उनके उचित रखरखाव पर विशेष ध्यान दे रही है। सरकार का उद्देश्य खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध करवाना है, ताकि वे उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार हो सकें।
उन्होंने बताया कि नादौन में करोड़ों रुपये की लागत से इंडोर मल्टीपरपज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित किया जा रहा है। यहां शूटिंग रेंज, स्विमिंग पूल, जिम, बहुउद्देशीय खेल हॉल, चार बैडमिंटन कोर्ट, वॉलीबॉल कोर्ट और टेनिस कोर्ट जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इसके साथ ही खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के लिए आवासीय सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं।
राज्यसभा सांसद ने कहा कि खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वालों की पुरस्कार राशि में अभूतपूर्व बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें बेहतर अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले हिमाचल के खिलाड़ियों को अब तक 30 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जा चुकी है।
समारोह में एशियाई खेलों में पदक जीतने वाली धावक सीमा कुमारी और कबड्डी खिलाड़ी भावना ठाकुर भी विशेष रूप से मौजूद रहीं। अनुराग शर्मा ने युवा खिलाड़ियों से इन दोनों खिलाड़ियों के संघर्ष, समर्पण और उपलब्धियों से प्रेरणा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि उनकी सफलता युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम के दौरान राज्यसभा सांसद ने प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। समारोह में नगर निगम धर्मशाला के पूर्व महापौर देवेंद्र जग्गी, उपनिदेशक शिक्षा अजय समयाल, एडीपीओ अतुल कटोच, जिला विद्यार्थी खेल संघ के पदाधिकारी, प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए खेल प्रशिक्षक और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


