हिमाचल पंचायत चुनाव LIVE: 1293 पंचायतों में वोटिंग शुरू, सुबह से मतदान केंद्रों पर उमड़ी भीड़

हिमाचल प्रदेश में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव के पहले चरण के लिए सोमवार सुबह 7 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रदेश की 1293 पंचायतों में मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। मतदान को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह से ही भारी उत्साह देखने को मिल रहा है और कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लग गई हैं। मतदान प्रक्रिया दोपहर 3 बजे तक जारी रहेगी।

मंडी जिले के धानतू ब्लॉक में सुबह से ही वोट डालने के लिए लोगों की भीड़ देखने को मिली। वहीं सोलन जिले में भी पंचायत चुनाव को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह नजर आया और कई मतदान केंद्रों पर सुबह से लंबी लाइनें लग गईं। ग्रामीण मतदाता अपने गांव की सरकार चुनने के लिए बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों तक पहुंच रहे हैं।

चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। प्रशासन की ओर से वीडियो रिकॉर्डिंग की भी व्यवस्था की गई है ताकि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी बनी रहे।

राज्य में कुल 31,182 पदों के लिए चुनाव करवाए जा रहे हैं। इनमें प्रधान के 3,754, उपप्रधान के 3,754, ग्राम पंचायत सदस्यों के 21,654, पंचायत समिति सदस्यों के 1,769 और जिला परिषद सदस्यों के 251 पद शामिल हैं। हालांकि इनमें से 10,854 पदों पर उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं।

चुनाव आयोग के अनुसार, वार्ड सदस्य, उपप्रधान और प्रधान पदों की मतगणना मतदान समाप्त होने के बाद संबंधित पंचायत मुख्यालयों में वीडियो रिकॉर्डिंग के बीच करवाई जाएगी। पंचायत चुनाव तीन चरणों में 26, 28 और 30 मई को आयोजित किए जा रहे हैं। चुनाव के लिए अधिसूचना 29 अप्रैल 2026 को जारी की गई थी। नामांकन प्रक्रिया के दौरान कुल 86,204 नामांकन पत्र दाखिल हुए थे, जिनमें से जांच के दौरान 742 नामांकन पत्र रद्द कर दिए गए थे।

प्रदेशभर में प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ चुनाव प्रक्रिया पर नजर बनाए हुए हैं ताकि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!