शाहपुर। शाहपुर के नवनिर्मित फोरलेन पर लगातार हो रहे सड़क हादसों को देखते हुए पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। विधायक शाहपुर एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया की पहल पर जिला पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा ने बुधवार को अपनी टीम के साथ शाहपुर बाजार में फोरलेन के दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट्स) का निरीक्षण किया। इस दौरान फोरलेन निर्माणकर्ता कंपनी के अधिकारियों को सड़क पर निर्धारित गति सीमा के अनुसार स्पीड लिमिट कैमरे, बैरिकेट्स और अन्य जरूरी सुरक्षा इंतजाम जल्द लगाने के निर्देश दिए गए।
दरअसल, फोरलेन पर लगातार सामने आ रहे हादसों को गंभीरता से लेते हुए विधायक केवल सिंह पठानिया ने जिला पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा से मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा था। इसी के बाद पुलिस अधीक्षक ने अपनी टीम के साथ विभिन्न ब्लैक स्पॉट्स का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सामने आई तकनीकी और सुरक्षा संबंधी अन्य कमियों को उच्च स्तर पर उठाकर उनका समाधान करवाने का आश्वासन भी दिया गया।

निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत शाहपुर के उपाध्यक्ष राजीव पटियाल, पार्षद अभिषेक माथुर, पूर्व पार्षद शुभम ठाकुर, नवनिर्मित व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुनील वर्मा सहित अन्य स्थानीय प्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे। सभी ने फोरलेन पर तेज रफ्तार वाहनों, अनियंत्रित क्रॉसिंग और पैदल राहगीरों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दे पुलिस अधीक्षक के सामने रखे।
बाजार क्षेत्र में गति नियंत्रण और सुरक्षित क्रॉसिंग की मांग
नगर पंचायत शाहपुर के प्रतिनिधियों ने कहा कि फोरलेन पर बढ़ती दुर्घटनाएं चिंता का विषय हैं। सड़क निर्माण के साथ आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने विशेष रूप से बाजार क्षेत्र में वाहनों की गति नियंत्रित करने, सुरक्षित पैदल क्रॉसिंग बनाने, पर्याप्त संकेतक लगाने, बैरिकेट्स और अन्य सड़क सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता के आधार पर लागू करने की मांग उठाई।
नगर पंचायत प्रतिनिधियों ने विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने जनसुरक्षा से जुड़े इस गंभीर मुद्दे का स्वयं संज्ञान लिया और पुलिस अधीक्षक को मौके पर निरीक्षण के निर्देश दिए। यह शाहपुर के प्रति उनकी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

प्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि निरीक्षण के बाद संबंधित विभाग और निर्माणकर्ता कंपनी जल्द प्रभावी कदम उठाएंगे, ताकि शाहपुर फोरलेन पर सफर सुरक्षित हो सके और लोगों को सड़क हादसों का शिकार होने से बचाया जा सके।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


