शाहपुर। भाजपा नेताओं ने गोरड़ा-बोह सड़क के निर्माण और चौड़ाई बढ़ाने के कार्य को लेकर कांग्रेस के कुछ नेताओं पर श्रेय लेने की राजनीति करने का आरोप लगाया है। भाजपा जनजाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री कमल कुमार शर्मा, शाहपुर मंडल अध्यक्ष रवि दत्त शर्मा, किसान मोर्चा के जिला महामंत्री सतिंदर गौतम और युवा मोर्चा के जिला महामंत्री अरुण कौशल ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि आजकल कांग्रेस के कुछ नेता सोशल मीडिया पर इस सड़क के निर्माण को लेकर श्रेय लेने की होड़ में लगे हुए हैं।
भाजपा नेताओं ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार इस तरह की सड़क बनने की बात कहकर कांग्रेस नेता अपनी पीठ थपथपा रहे हैं। लेकिन सवाल यह है कि जिस विकास कार्य में केंद्र सरकार का महत्वपूर्ण योगदान है, उसके लिए केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करने में इतनी कंजूसी क्यों की जा रही है?

उन्होंने कहा कि गोरड़ा-बोह सड़क के निर्माण और चौड़ाई बढ़ाने के लिए 7 मार्च 2024 को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत केंद्र सरकार ने 14.96 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की थी। इस परियोजना के अंतर्गत लगभग 20 किलोमीटर सड़क का निर्माण किया जाना है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि यह काम निश्चित रूप से क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी राहत और खुशी का विषय है। हालांकि, इस परियोजना को धरातल पर उतारने में केंद्र सरकार की भूमिका और उसके आर्थिक सहयोग को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कांग्रेस पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी ने देश में 60 वर्षों से अधिक समय तक शासन किया और हिमाचल प्रदेश में भी लंबे समय तक उसकी सरकारें रहीं। इसके बावजूद इतने वर्षों तक इस क्षेत्र को ऐसी सड़क सुविधा क्यों नहीं मिल पाई?
बयान में कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की योजनाओं के माध्यम से देश के गांव-गांव तक सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों को सड़क सुविधा से जोड़ने का काम तेजी से हो रहा है और गोरड़ा-बोह सड़क भी इसी विकास यात्रा का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है और निर्माण कार्य में स्थानीय स्तर पर उसकी भूमिका हो सकती है। इसलिए प्रदेश सरकार और स्थानीय नेता इसका श्रेय भी लें, लेकिन जिस केंद्र सरकार ने इस परियोजना के लिए 14.96 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं, उसका आभार व्यक्त करने से परहेज क्यों किया जा रहा है?
उन्होंने कहा कि विकास किसी एक व्यक्ति या राजनीतिक पार्टी की जागीर नहीं होता। विकास कार्य में जिस संस्था या सरकार का योगदान हो, उसका उल्लेख करना राजनीतिक ईमानदारी है।
भाजपा नेताओं ने तंज कसते हुए कहा, “काम किसी और का, नाम किसी और का- यह राजनीति नहीं, सिर्फ श्रेय लेने की होड़ है।” उन्होंने सवाल उठाया कि मालिक का माल और मशहूरी किसी और की, आखिर यह कैसी राजनीति है?

यह संयुक्त बयान भाजपा जनजाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री कमल कुमार शर्मा, शाहपुर मंडल अध्यक्ष रवि दत्त शर्मा, किसान मोर्चा के जिला महामंत्री सतिंदर गौतम और युवा मोर्चा के जिला महामंत्री अरुण कौशल ने जारी किया।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


