जल शक्ति विभाग का कर्मचारी निकला नशा तस्कर! बाइक से ले जा रहा था 428 ग्राम अफीम, पुलिस ने दबोचा

हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जल शक्ति विभाग में कार्यरत एक कर्मचारी को 428 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी अपनी मोटरसाइकिल पर अफीम की खेप लेकर जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्म चंद वर्मा ने बताया कि पुलिस टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि मण्ड घंडरां क्षेत्र में एक व्यक्ति नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मण्ड घंडरां स्थित जल शक्ति विभाग के नलकूप (ट्यूबवेल) के पास दबिश दी। वहां संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी मोटरसाइकिल की तलाशी ली गई, जिसमें से 428 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने नशीले पदार्थ के साथ मोटरसाइकिल भी कब्जे में ले ली।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 31 वर्षीय सुमित ठाकुर के रूप में हुई है। वह गांव मलकाना, डाकघर पराल, तहसील इंदौरा का निवासी है और जल शक्ति विभाग में मल्टी टास्क वर्कर के पद पर कार्यरत है। सरकारी कर्मचारी के पास से इतनी बड़ी मात्रा में अफीम बरामद होने के बाद मामला और भी गंभीर हो गया है।

एएसपी धर्म चंद वर्मा ने बताया कि पुलिस अब आरोपी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी अफीम कहां से लेकर आया था और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस पूरे नशा तस्करी नेटवर्क का खुलासा करने के लिए आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!