हिमाचल प्रदेश के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में स्नातकोत्तर यानी PG की 320 सीटें बढ़ाने की तैयारी है। प्रदेश सरकार ने सीटों के विस्तार का प्रस्ताव राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग यानी NMC को भेज दिया है। वर्तमान में प्रदेश के छह मेडिकल कॉलेजों में PG की 277 सीटें हैं, जिन्हें बढ़ाकर 597 करने का प्रस्ताव रखा गया है। NMC की टीम हाल ही में नाहन मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सुविधाओं और आधारभूत ढांचे का निरीक्षण कर चुकी है। स्वास्थ्य विभाग को निरीक्षण के बाद सकारात्मक संकेत मिले हैं। अब अन्य मेडिकल कॉलेजों में भी PG सीटों के विस्तार के लिए NMC की निरीक्षण प्रक्रिया प्रस्तावित है।
सरकार के प्रस्ताव के अनुसार आईजीएमसी शिमला में PG सीटें 139 से बढ़ाकर 230 करने की योजना है। डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा में सीटें 99 से बढ़ाकर 156, लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज नेरचौक मंडी में 24 से बढ़ाकर 79, पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा में चार से बढ़ाकर 32 और डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में आठ से बढ़ाकर 65 सीटें करने का प्रस्ताव है।
PG सीटों में बढ़ोतरी होने से प्रदेश में विशेषज्ञ डॉक्टरों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। सरकार का फोकस सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी को दूर करने और मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर है। इसके लिए मेडिकल कॉलेजों में आधुनिक उपकरण, प्रयोगशालाएं, शिक्षण सुविधाएं और अन्य जरूरी आधारभूत ढांचा विकसित किया जा रहा है। साथ ही अध्यापन स्टाफ को मजबूत करने पर भी जोर दिया जा रहा है।
स्वास्थ्य सचिव आशीष सिंहमार ने बताया कि हिमाचल में PG सीटें बढ़ाने के लिए NMC को प्रस्ताव भेजा गया है। नाहन मेडिकल कॉलेज में NMC की टीम निरीक्षण कर चुकी है, जबकि अन्य कॉलेजों में भी निरीक्षण की प्रक्रिया प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में PG सीटों की संख्या 597 करने का प्रस्ताव है और लोगों को एम्स व PGI की तर्ज पर बेहतर सेवाएं देने का प्रयास किया जा रहा है।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


