निर्वाचन विभाग द्वारा जिला स्तर पर आयोजित क्विज एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर शाहपुर का नाम रोशन किया
शाहपुर, 21 नवंबर। शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के चार विद्यार्थियों ने जिला स्तरीय क्विज एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया है। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से शाहपुर क्षेत्र का गौरव बढ़ा है।
क्विज प्रतियोगिता में लॉरेंस पब्लिक स्कूल शाहपुर की छात्रा जैस्मिन ठाकुर ने चौथा स्थान हासिल किया, जबकि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बडंज के कक्षा नौवीं के छात्र अंशुल ने नौवां स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार, निबंध लेखन प्रतियोगिता में लॉरेंस पब्लिक स्कूल शाहपुर की कक्षा 12वीं की छात्रा रुद्राक्षी शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि राजकीय महाविद्यालय शाहपुर की बीए तृतीय वर्ष की छात्रा नंदिनी छठे स्थान पर रही।

निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ERO-cum-SDM शाहपुर द्वारा 12 नवंबर, 2026 को 17-शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में विधानसभा स्तर पर क्विज एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था। इन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 10-10 विद्यार्थियों का चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए किया गया था।
जिला स्तरीय क्विज एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन 17 नवंबर, 2026 को राजकीय बीएड कॉलेज, धर्मशाला में किया गया, जिसमें शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विद्यार्थियों ने प्रतिभा, ज्ञान एवं रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया।

जिला स्तर पर दोनों प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले दो-दो विद्यार्थियों सहित शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के कुल चार विद्यार्थियों का चयन आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए हुआ है।
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर संबंधित शिक्षण संस्थानों में खुशी का माहौल है। इस सफलता को विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, लगन तथा शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम बताया गया।

निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ERO-cum-SDM शाहपुर ने सभी प्रतिभागियों एवं चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, चुनावी जागरूकता, ज्ञान, तार्किक क्षमता एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


