डलहौजी। लंदन से पर्यटन नगरी डलहौजी घूमने आई 77 वर्षीय NRI महिला की अचानक मौत हो गई। मृतका की पहचान लंदन निवासी रमीला चंदराना के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, रमीला अपने परिवार के साथ छुट्टियां मनाने डलहौजी आई थीं। वह 4 अक्टूबर को डलहौजी पहुंची थीं और पंचपुला रोड पर गांधी चौक के पास एक निजी होटल में परिवार के साथ ठहरी हुई थीं।
सोमवार 5 अक्टूबर की सुबह होटल में अचानक रमीला की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गईं। परिजन उन्हें आनन-फानन में डलहौजी सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
डलहौजी घूमने आई NRI महिला की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस टीम सिविल अस्पताल पहुंची और शव की जांच की। डलहौजी पुलिस के अनुसार, महिला के शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले। पुलिस ने परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किए, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया, जो कोरोनरी हार्ट डिजीज से जुड़ा था।
महिला कोरोनरी हार्ट डिजीज से पीड़ित थीं। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि लंदन निवासी महिला की मौत हुई है और पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि परिवार के बयानों और मौके के हालात के आधार पर मौत को लेकर कोई शक नहीं था। फिलहाल सेक्शन 194 BNSS के तहत जरूरी कार्रवाई की गई है।
क्या है कोरोनरी हार्ट डिजीज?
जनरल फिजिशियन डॉक्टर संजय जैन के अनुसार, कोरोनरी हार्ट डिजीज हृदय की उन मुख्य धमनियों के संकुचन या अवरोध से जुड़ी बीमारी है, जो हृदय की मांसपेशियों तक ऑक्सीजन युक्त रक्त पहुंचाती हैं। हाई ब्लड प्रेशर या हाइपरटेंशन कोरोनरी हार्ट डिजीज, हार्ट फेल्योर, स्ट्रोक और किडनी खराब होने जैसी गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है।
कोरोनरी हार्ट डिजीज के मुख्य लक्षणों में सीने में दर्द, छाती में भारीपन, जकड़न या दबाव महसूस होना शामिल है। इसके अलावा सीढ़ियां चढ़ते समय या काम करते वक्त सांस फूलना, सांस लेने में तकलीफ, गर्दन, जबड़े, कंधे, पीठ या बाहों में दर्द या खिंचाव महसूस होना भी इसके लक्षण हो सकते हैं। बिना किसी वजह के अधिक कमजोरी और थकान महसूस होना तथा ठंडा पसीना आना भी इसके संकेत हो सकते हैं।
कोरोनरी हार्ट डिजीज के प्रमुख कारणों में ब्लड में खराब कोलेस्ट्रॉल का स्तर बढ़ना, हाई ब्लड प्रेशर या बीपी का नियंत्रित न रहना, धूम्रपान, तले-भुने और जंक फूड का अधिक सेवन तथा फिजिकल एक्टिविटी की कमी शामिल हैं। इसके अलावा ब्लड शुगर का स्तर अधिक होना या मोटापा भी इसके प्रमुख कारणों में शामिल है।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!



