शाहपुर। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के शाहपुर दौरे और सिविल अस्पताल के उद्घाटन को लेकर पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता सरवीण चौधरी ने कांग्रेस सरकार और स्थानीय विधायक केवल सिंह पठानिया पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के चार साल के कार्यकाल में शाहपुर विधानसभा क्षेत्र को न तो कोई बड़ी नई योजना मिली और न ही कोई आर्थिक पैकेज या बड़ी विकास परियोजना। सरवीण चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार के समय शुरू किए गए कार्यों पर उद्घाटन पट्टिकाएं लगाने के अलावा कांग्रेस ने क्षेत्र के विकास के लिए कोई विशेष योगदान नहीं दिया।
सरवीण चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री का शाहपुर में यह दूसरा या तीसरा दौरा है, लेकिन हर बार क्षेत्र की जनता को निराशा ही हाथ लगी है। उन्होंने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि अस्पताल के उद्घाटन का कार्यक्रम जल्दबाजी में निपटाया गया। यहां तक कि मुख्यमंत्री का काफिला अस्पताल के बजाय द्रमण की ओर निकल गया और बाद में वापस लौटना पड़ा।
भाजपा सरकार के समय शाहपुर अस्पताल को मिला था दर्जा
शाहपुर सिविल अस्पताल के इतिहास का जिक्र करते हुए सरवीण चौधरी ने कहा कि पहले यहां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) था। भाजपा सरकार के कार्यकाल में इसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का दर्जा दिया गया और भवन का निर्माण करवाया गया। उन्होंने बताया कि 24 अगस्त 2012 को भाजपा सरकार के समय शाहपुर को सिविल अस्पताल बनाने की दिशा में निर्णय लिया गया था। हालांकि, बाद में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में इसे डी-नोटिफाई कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में तत्कालीन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार के कार्यकाल में शाहपुर अस्पताल को 100 बिस्तरों वाले अस्पताल के रूप में स्तरोन्नत किया गया था। इसके भवन निर्माण के लिए लगभग 12 करोड़ 8 लाख रुपये का प्रावधान किया गया। सरवीण चौधरी ने दावा किया कि लोक निर्माण विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार भवन निर्माण के लिए धनराशि उपलब्ध करवाई गई थी और आज उसी भवन का उद्घाटन मुख्यमंत्री कर रहे हैं।
लपियाणा, रिडकमार और चड़ी के स्वास्थ्य संस्थानों पर भी उठाए सवाल
सरवीण चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार ने लपियाणा, रिडकमार और चड़ी में भी स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए अस्पतालों का दर्जा बढ़ाया था। इन संस्थानों में चिकित्सकों और नर्सों के लिए आवासीय सुविधाओं का प्रावधान भी किया गया था, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को दिन-रात स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा कांग्रेस सरकार ने इनमें से कुछ स्वास्थ्य संस्थानों को डी-नोटिफाई कर उनका दर्जा घटा दिया, जिससे ग्रामीण जनता को परेशानी उठानी पड़ रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि शाहपुर क्षेत्र में आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी भाजपा सरकार के समय शुरू की गई थी, जहां रोजाना बड़ी संख्या में मरीज उपचार करवाने आते थे। उनके अनुसार, इस डिस्पेंसरी को भी बंद कर दिया गया है। सरवीण चौधरी ने सवाल उठाया कि यदि स्थानीय विधायक और प्रदेश सरकार वास्तव में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना चाहते हैं तो बंद किए गए संस्थानों को दोबारा शुरू करने के लिए कदम क्यों नहीं उठाए जा रहे हैं।
कल्याणा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना
पूर्व मंत्री ने कहा कि कल्याणा में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण भी भाजपा सरकार के समय करवाया गया था। तत्कालीन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कार्यकाल में इसके लिए धनराशि उपलब्ध करवाई गई थी। निर्माण पूरा होने के बाद यह कॉम्प्लेक्स दो वर्षों तक संचालित भी रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि बाद में कांग्रेस सरकार ने उसी परियोजना का उद्घाटन कर इसे अपनी उपलब्धि के रूप में पेश किया।
सरवीण चौधरी ने कहा कि शाहपुर की जनता जानती है कि क्षेत्र में स्वास्थ्य संस्थानों और अन्य विकास कार्यों की नींव किस सरकार के समय रखी गई थी। उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि शाहपुर के लिए कोई नई स्वास्थ्य योजना, विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्तियां या अन्य विकास कार्यों की घोषणा क्यों नहीं की गई।
‘शाहपुर की जनता को सिर्फ उद्घाटन नहीं, सुविधाएं चाहिए’
सरवीण चौधरी ने कांग्रेस सरकार को ‘फट्टों वाली सरकार’ करार देते हुए कहा कि भाजपा के समय करवाए गए कार्यों का उद्घाटन करने के बजाय सरकार को नए विकास कार्यों के लिए धनराशि उपलब्ध करवानी चाहिए। उन्होंने कहा कि शाहपुर की जनता को केवल उद्घाटन नहीं, बल्कि बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, पर्याप्त चिकित्सक और नए विकास कार्य चाहिए।




For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


