पठानकोट-जोगिंद्रनगर नैरोगेज रेललाइन को ब्रॉडगेज में बदलने की दिशा में प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। करीब 170 किलोमीटर लंबे प्रस्तावित रेलमार्ग का फील्ड सर्वे पूरा कर लिया गया है। सर्वे के दौरान यातायात, जनसंख्या घनत्व, स्थानीय यात्रा पैटर्न, माल ढुलाई, पर्यटन संभावनाओं और औद्योगिक गतिविधियों से जुड़े आंकड़े जुटाए गए हैं।
फील्ड सर्वे के आधार पर तैयार डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) को अंतिम मंजूरी के लिए रेलवे बोर्ड को भेज दिया गया है। DPR में प्रस्तावित रेलमार्ग, तकनीकी पहलुओं, यात्री और माल यातायात की संभावनाओं के साथ परियोजना की आर्थिक व्यवहार्यता का अध्ययन शामिल है।
परियोजना पर करोड़ों रुपये खर्च होने का अनुमान है। रेलवे के अनुसार, बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद ब्रॉडगेज निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस परियोजना से कांगड़ा क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार, उद्योग और माल ढुलाई को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। वहीं, जोगिंद्रनगर से मंडी तक रेललाइन विस्तार के प्रस्ताव को भी भविष्य की कनेक्टिविटी के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
उधर, सांसद राजीव भारद्वाज ने बताया कि पठानकोट-जोगिंद्रनगर रेललाइन को ब्रॉडगेज करने के कार्य को रेलवे अमलीजामा पहनाएगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना पर करोड़ों रुपये खर्च होने का अनुमान है।
रेलवे जम्मू मंडल के पीआरआई राघवेंद्र के अनुसार, पठानकोट-जोगिंद्रनगर रेललाइन को ब्रॉडगेज करने के लिए लगभग 170 किलोमीटर का फील्ड सर्वे पूरा हो चुका है। सर्वे के आधार पर DPR तैयार कर बोर्ड के पास अंतिम फैसले के लिए भेजी गई है। मंजूरी मिलने के बाद ब्रॉडगेज निर्माण का काम शुरू किया जाएगा।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


