बिलासपुर पुलिस के नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। पुलिस की स्पैशल डिटैक्शन टीम ने बलोह फोरलेन के पास नाकाबंदी के दौरान एक एचआरटीसी बस की चेकिंग करते हुए 10.40 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। मामले में एक 28 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस की स्पैशल डिटैक्शन टीम बलोह फोरलेन पर गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मंडी की तरफ से आ रही एचआरटीसी बस को चेकिंग के लिए रोका गया। बस में सवार एक युवक पुलिस को देखकर घबरा गया, जिसके बाद पुलिस को उस पर शक हुआ।
शक के आधार पर युवक की तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से 10.40 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान बालकृष्ण (28) पुत्र शांतनु निवासी गांव सैणी मोहरी, डाकघर अलाथू, तहसील बल्ह, जिला मंडी के रूप में हुई है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया और थाना घुमारवीं में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। मामले की आगामी जांच जारी है और पुलिस बैकवर्ड तथा फॉरवर्ड लिंकेज पर काम कर रही है। जांच का उद्देश्य चिट्टा सप्लाई के स्रोत और आगे जुड़े नेटवर्क का पता लगाना है, ताकि नशा तस्करी की चेन को तोड़ा जा सके।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


