धर्मशाला, 5 नवंबर। कांगड़ा कार्निवल-2026 के तहत 27 दिसंबर को धर्मशाला में भव्य मैराथन का आयोजन किया जाएगा। नगर निगम धर्मशाला और जिला प्रशासन की ओर से बिगफुट एडवेंचर इंडिया के सहयोग से होने वाली इस मैराथन में देशभर से हजारों धावकों के हिस्सा लेने की उम्मीद है। यह जानकारी नगर निगम धर्मशाला के आयुक्त जफर इकबाल ने समृद्धि भवन में आयोजित बैठक के दौरान दी। बैठक में मैराथन की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई।

जफर इकबाल ने बताया कि धर्मशाला मैराथन-2026 की शुरुआत साई स्टेडियम के पास स्थित खेल परिसर से होगी। इसमें 3 किलोमीटर, 5 किलोमीटर, 10 किलोमीटर, हाफ मैराथन और फुल मैराथन की पांच श्रेणियां रखी गई हैं। प्रतिभागियों को उनकी श्रेणी के अनुसार अलग-अलग रंगों की इवेंट टी-शर्ट और फिनिशर मेडल दिए जाएंगे। मैराथन रूट पर जगह-जगह हाइड्रेशन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके साथ ही सांस्कृतिक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इच्छुक प्रतिभागी ऑनलाइन पंजीकरण के जरिए इसमें हिस्सा ले सकेंगे। पंजीकरण लिंक जल्द ही आम लोगों के साथ साझा किया जाएगा।
यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखकर तय किया गया मैराथन रूट
नगर निगम आयुक्त ने बताया कि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए इस बार मैराथन का रूट विशेष रूप से निर्धारित किया गया है। धावक साई स्टेडियम से चीलगाड़ी, सर्किट हाउस, बीएसएनएल, नगघोटा, सुधेड़, पुराना चड़ी रोड, वोल्वो बस स्टैंड और गांधी चौक से होते हुए वापस बीएसएनएल सड़क के रास्ते खेल परिसर पहुंचेंगे।
उन्होंने कहा कि मैराथन में स्कूली और महाविद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, पुलिस, भारतीय सेना के जवानों और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
खेल परिसर में लगाई जाएगी हाई मास्ट लाइट
जफर इकबाल ने बताया कि मैराथन के आयोजन से पहले खेल परिसर में हाई मास्ट लाइट स्थापित की जाएगी। इसके लिए उन्होंने खेल विभाग के अधिकारियों को उपयुक्त स्थान चिन्हित करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा स्टेडियम में दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए सुगम रैंप बनाने को भी कहा गया है।

बैठक में मैराथन को सफल बनाने के लिए यातायात और मार्ग प्रबंधन, चिकित्सा सहायता, पुलिस व्यवस्था, दर्शकों के बैठने की सुविधा, होटल एसोसिएशन और विभिन्न गैर सरकारी संगठनों के सहयोग सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
अंतरराष्ट्रीय पहचान वाले खिलाड़ियों को भी मिलेगा न्योता
नगर निगम आयुक्त ने कहा कि प्रदेश के अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके खिलाड़ियों को भी मैराथन में विशेष रूप से आमंत्रित किया जाएगा। उनकी मौजूदगी से प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ेगा और युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरणा मिलेगी।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव चौहान, चिकित्सा विभाग से डॉ. दुष्यंत कुमार, उप निदेशक उच्च शिक्षा अजय सम्बयाल, उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा बलविंदर सिंह गुलेरिया, कमांडेंट होमगार्ड राजिन्द्र कुमार, पर्यटन सूचना अधिकारी स्वीटी शर्मा, खेल विभाग से सुरेन्द्र मोहन, डिग्री कॉलेज से डॉ. दीपिका ठाकुर और एसएचओ नारायण सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


