हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में शादी के महज चार दिन बाद एक नवविवाहिता के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। परिवार का आरोप है कि युवती घर से करीब 16 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 1 लाख 80 हजार रुपये की नकदी लेकर गई है। युवक की शादी 31 अक्टूबर को हुई थी, जबकि 4 नवंबर को युवती अचानक घर से गायब हो गई। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद भराड़ी पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई गई।

जगाधरी कोर्ट में हुई थी शादी
मामला बिलासपुर जिले के भराड़ी पुलिस थाना क्षेत्र के एक गांव का है। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, युवक ने 31 अक्टूबर को हरियाणा के जगाधरी स्थित कोर्ट में यमुनानगर की रहने वाली 22 वर्षीय युवती से शादी की थी। विवाह के बाद युवती अपने पति के साथ ससुराल में रहने लगी थी। परिवार में नई बहू के आने से खुशी का माहौल था, लेकिन शादी के कुछ ही दिनों बाद वह अचानक लापता हो गई।
परिजनों ने जब युवती की तलाश की और घर में रखे सामान की जांच की तो करीब 16 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 1 लाख 80 हजार रुपये की नकदी भी गायब मिली। परिवार को संदेह है कि युवती ये गहने और नकदी अपने साथ ले गई है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, युवती की तलाश जारी
नवविवाहिता के लापता होने और घर से कीमती सामान गायब मिलने के बाद परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद युवक की बहन ने भराड़ी पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई। परिवार ने पुलिस से युवती का पता लगाने और मामले में उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

पुलिस अधीक्षक बिलासपुर अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस युवती की तलाश कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल युवती का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


