हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रामपुर विधानसभा क्षेत्र के नोगली में आयोजित जनसभा में शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की सरकार की प्राथमिकताएं गिनाईं। मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को और मजबूत करने के लिए अगले छह महीनों में 4 हजार नए शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में अब तक 10 हजार से अधिक शिक्षकों की भर्ती की जा चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उनके घर-द्वार के पास बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश में 150 से अधिक नए सीबीएसई स्कूल खोले गए हैं। इनमें करीब 2 हजार शिक्षकों की नियुक्ति की जा चुकी है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड से संबद्ध 300 स्कूलों को स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि इन प्रयासों के चलते शिक्षा के क्षेत्र में हिमाचल की स्थिति वर्ष 2021 के 21वें स्थान से अब पांचवें स्थान पर पहुंच गई है।
कर्मचारियों के मुद्दे पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि राज्य के सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सत्ता में रहने तक ओपीएस बंद नहीं होगी। आउटसोर्स कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए सरकार नई नीति तैयार कर रही है, जिसे जल्द लागू किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि करुणामूलक आधार पर नौकरी के लंबित मामलों में से करीब 70 प्रतिशत मामलों का समाधान कर पात्र लोगों को रोजगार दिया जा चुका है।
मुख्यमंत्री ने पिछली भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी सरकार को विरासत में 76 हजार करोड़ रुपये का कर्ज और कर्मचारियों की 10 हजार करोड़ रुपये की देनदारियां मिली थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने अपने कार्यकाल के अंतिम छह महीनों में बिना बजट और स्टाफ के 5 हजार करोड़ रुपये से अधिक की घोषणाएं की थीं।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दूध के न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि से पशुपालकों की आय बढ़ाने में मदद मिली है। उन्होंने घोषणा की कि आगामी 1 दिसंबर से दूध के समर्थन मूल्य में एक बार फिर वृद्धि की जाएगी।
जनसभा के अलावा मुख्यमंत्री ने पदम वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, रामपुर में स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ संवाद कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री से सवाल पूछे और अपनी समस्याएं रखीं। मुख्यमंत्री ने उन्हें समस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में 7वें राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष नंदलाल, हिमकोन अध्यक्ष विकेश चौहान, पूर्व विधायक किशोरी लाल, मिल्कफेड अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर, कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर, राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष देवेंद्र श्याम, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


