कांगड़ा, 17 नवंबर। कांगड़ा के पौराणिक जयंती माता मंदिर में हर साल की तरह इस बार भी भीष्म पंचक मेले का आयोजन होने जा रहा है। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देने और व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने एसडीएम कार्यालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में मेले के दौरान मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई। अजय वर्मा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समय रहते सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

पांचों दिन मंदिर में रहेगी स्वास्थ्य टीम
अजय वर्मा ने बताया कि इस बार भी मेले के दौरान श्रद्धालुओं के लिए स्वास्थ्य टीम तैनात रहेगी। इसमें एक डॉक्टर और एक फार्मासिस्ट शामिल होंगे, जो मेले के सभी पांच दिनों तक सेवाएं देंगे।
उन्होंने पुलिस प्रशासन को यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। जल शक्ति विभाग को सभी पाइपलाइन दुरुस्त करने के साथ पानी की टंकियों की सफाई और उन्हें भरने के लिए कहा गया।
बिजली विभाग को मेले से पहले सभी बिजली लाइनों की जांच और मरम्मत करने के निर्देश दिए गए, ताकि मेले के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित न हो। साथ ही सभी स्ट्रीट लाइटों की जांच करने को कहा गया, जिससे मेले के दौरान कोई भी लाइट बंद न रहे।

सफाई व्यवस्था के लिए दुकानदारों को मिलेंगे डस्टबिन
मेले के दौरान स्वच्छता बनाए रखने के लिए भी विशेष इंतजाम किए जाएंगे। वन विभाग को सभी दुकानदारों को डस्टबिन उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा सफाई व्यवस्था पर नजर रखने और इसे बेहतर बनाए रखने के लिए वन-मित्रों की नियुक्ति की जाएगी।
अजय वर्मा ने कहा कि कांगड़ा का पौराणिक जयंती माता मंदिर क्षेत्र के लिए वरदान है। यह मंदिर एक अद्भुत स्थान पर स्थित है, जहां से पूरे क्षेत्र को माता का आशीर्वाद मिलता है। उन्होंने कहा कि भीष्म पंचक के दौरान मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य समय पर पूरे करने के निर्देश दिए।

बैठक में एसडीएम कांगड़ा डॉ. अंजलि गर्ग, जल शक्ति विभाग, लोक निर्माण विभाग, वन विभाग, एसएमओ कांगड़ा डॉ. अल्पना और नगर परिषद कांगड़ा के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


