परवाणू। चंडीगढ़-शिमला नेशनल हाईवे-5 पर हाल ही में खुले परवाणू लिंक रोड के समीप शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां काम कर रही जेसीबी मशीन पर अचानक पहाड़ी से भारी मात्रा में मिट्टी और मलबा आ गिरा। हादसे में मशीन चालक की जान चली गई।
जानकारी के अनुसार, लिंक रोड के समीप पिल्लर के पास जेसीबी मशीन से काम किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक ऊपर पहाड़ी से मिट्टी और मलबा खिसककर सीधे जेसीबी मशीन पर आ गिरा। मलबा इतना अधिक था कि चालक को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल पाया और वह मशीन के अंदर ही बुरी तरह फंस गया।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन हरकत में आया। अग्निशमन विभाग, पुलिस दल, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन विभाग ने अन्य बचाव कर्मियों के साथ मिलकर संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर चालक को मशीन से बाहर निकाला गया।
चालक को गंभीर हालत में तत्काल ईएसआई अस्पताल परवाणू ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 19 वर्षीय मनोज कुमार पुत्र राज कुमार, निवासी राजगढ़ के रूप में हुई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और आगामी कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, नायब तहसीलदार शकुंतला पटियाल ने बताया कि हादसे की सूचना मृतक के परिवार को दे दी गई है। उन्होंने बताया कि मृतक के परिवार में केवल उसके पिता हैं। प्रशासन की ओर से शनिवार सुबह पीड़ित पिता को 25 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की जाएगी।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


