शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के धारकंडी इलाके के रिड़कमार में गुरुवार को सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम आयोजित किया गया। शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने 11 पंचायतों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। यह शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित पहला सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम था।
केवल सिंह पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में शुरू किए गए इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों के घर-द्वार तक पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनना और उनका समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम में सामने आई समस्याओं पर की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट एक माह के भीतर उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने एचआरटीसी अधिकारियों को धारकंडी से टांडा मेडिकल कॉलेज के लिए बस सेवा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने बच्चों से जुड़ी समस्या पर आश्वासन दिया कि स्कूल में बायोलॉजी का पद जल्द भरा जाएगा। लोक निर्माण विभाग को बरसात से क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत करने के निर्देश दिए गए। पठानिया ने बताया कि धारकंडी क्षेत्र में पिछले साढ़े तीन वर्षों के दौरान विभिन्न सड़कों के निर्माण पर करीब 65 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
पठानिया ने कहा कि दरीणी अस्पताल में डॉक्टरों के चार पद जल्द भरे जाएंगे। इसके अलावा शाहपुर-कुठारना-करेरी के लिए बस सेवा शुरू करने की जानकारी दी। दरीणी-भलेड़ सड़क पर 75 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे, जबकि किसानों की सिंचाई सुविधा को बेहतर बनाने के लिए दरीणी कूहल को भी जल्द दुरुस्त करवाया जाएगा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को दरीणी स्कूल से घरनी गांव में वीर चक्र से सम्मानित राम सिंह जमवाल के घर तक सड़क बनाने के निर्देश भी दिए।
कार्यक्रम में धारकंडी की 11 पंचायतों से लोगों ने सड़क, डंगे, तालाब, बस सेवा सहित विभिन्न समस्याओं से जुड़े 55 मामले रखे। इस दौरान उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने और चिट्ठामुक्त हिमाचल अभियान में योगदान देने की शपथ भी दिलाई गई।
प्रशासन ने दिया समाधान का भरोसा
अतिरिक्त उपायुक्त कांगड़ा विनय कुमार ने जिला प्रशासन की ओर से भरोसा दिलाया कि कार्यक्रम में सामने आई जिला स्तर की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। उन्होंने लोगों से मुख्यमंत्री के चिट्ठामुक्त हिमाचल अभियान में योगदान देते हुए अपनी पंचायत को चिट्ठामुक्त बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। एसडीएम शाहपुर डॉ. गणेश ठाकुर ने भी उपमुख्य सचेतक को आश्वस्त किया कि दिए गए निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित की जाएगी और कार्यक्रम की विस्तृत रिपोर्ट भेजी जाएगी।
कार्यक्रम में पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने केवल सिंह पठानिया का स्वागत किया। स्थानीय प्रधान ने धारकंडी में कार्यक्रम आयोजित करने के लिए आभार जताया। जिप सदस्य संदीप ने भी क्षेत्र की समस्याओं को सामने लाने और उनके समाधान के लिए सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम आयोजित करने पर मुख्यमंत्री और उपमुख्य सचेतक का धन्यवाद किया। इस अवसर पर सीएमओ डॉ. ओमेश भारती ने भी अपने विचार रखे। पठानिया ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन भी किया।
कार्यक्रम में उपनिदेशक माध्यमिक शिक्षा अजय समयाल, डीएसपी संजीव चौहान, अधीक्षण अभियंता जलशक्ति विभाग विकास, अधीक्षण अभियंता विद्युत अमन चौधरी, डीपीओ अशोक शर्मा, जिला कल्याण अधिकारी साहिल मांडला, जिला पंचायत अधिकारी सचिन, जिला खाद्य नियंत्रक पुरुषोत्तम, डीएफओ अमित शर्मा, डीएम एचआरटीसी पंकज चड्ढा, आरएम साहिल, बीडीओ रैत योगेंद्र, अधिशासी अभियंता जलशक्ति अमित डोगरा, अधिशासी अभियंता गज प्रोजेक्ट अनिल शर्मा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण नीरज, नायब तहसीलदार राजिंदर, जिला कांग्रेस महासचिव अजय बबली, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पटाकू, महासचिव प्रदीप बलौरिया, अक्षय अत्री, पूर्व जिप सदस्य रीतिका शर्मा, विभिन्न पंचायतों के प्रधान-उपप्रधान, विभागीय अधिकारी एवं उनके प्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


