हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में एक महिला के साथ सरेआम मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। शिमला पुलिस ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए वीडियो में नजर आ रहे युवक को ट्रेस किया और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस जांच में सामने आया कि वीडियो में महिला के साथ मारपीट करता दिख रहा युवक और महिला पति-पत्नी हैं और दोनों पंजाब के मोहाली के रहने वाले हैं।
23 सितंबर को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो
जानकारी के अनुसार 23 सितंबर को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। इसमें एक व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर एक महिला के साथ मारपीट करता हुआ नजर आ रहा था। वीडियो सामने आने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए शिमला पुलिस तुरंत हरकत में आई और प्रारंभिक जांच शुरू की। वीडियो की तस्दीक के बाद पुलिस थाना सदर शिमला में भारतीय न्याय संहिता की धारा 74, 79 और 115(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
मई में हुई थी शादी, पहली बार आए थे शिमला
जांच के दौरान पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रहे युवक और युवती की पहचान की और दोनों को पूछताछ के लिए सदर थाने बुलाया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे पति-पत्नी हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी शादी इसी साल मई में हुई थी और वे पहली बार घूमने के लिए शिमला आए थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसने बाद में हिंसक रूप ले लिया।
महिला के अलग से दर्ज हुए बयान, साक्ष्य सुरक्षित
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने महिला से अलग से पूछताछ कर उसके विस्तृत बयान दर्ज किए हैं। कानूनी प्रक्रिया को मजबूत करने के लिए पुलिस ने वायरल वीडियो को इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य के रूप में सुरक्षित कर लिया है। इसके साथ ही पुलिस टीम घटनास्थल की भी तस्दीक कर रही है।
आरोपी पति पर हुई कानूनी कार्रवाई
सामने आए तथ्यों और दर्ज बयानों के आधार पर शिमला पुलिस ने आरोपी पति अनमोल खोसला निवासी मोहाली, पंजाब के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धाराओं के तहत पाबंद किया है। शिमला पुलिस ने इस मामले के जरिए स्पष्ट किया है कि महिलाओं के खिलाफ किसी भी प्रकार के अपराध, सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग और कानून-व्यवस्था का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


