राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कलियाड़ा में पिछले चार दिनों से चल रही लड़कों और लड़कियों की अंडर-मेयर गेम्स प्रतियोगिता का समापन हो गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि उप शिक्षा निदेशक अजय समयाल ने मेधावी खिलाड़ियों को स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया और फाइनल मुकाबलों में विजेता टीमों ने खिताब अपने नाम किए।
बैडमिंटन के लड़कों के फाइनल मुकाबले में देहरा जोन ने ज्वालामुखी जोन को हराकर जीत दर्ज की। वहीं लड़कियों के बैडमिंटन मुकाबले में नूरपुर जोन ने पालमपुर जोन को पराजित किया। फुटबॉल के लड़कियों के वर्ग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय घरोह ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रैहन को हराया।
हॉकी के मुकाबले में जयसिंहपुर की लड़कियों ने थुरल को पराजित किया। बास्केटबॉल में कॉमेट मेनसा पब्लिक स्कूल देहरी ने पब्लिक स्कूल नूरपुर को हराया। हैंडबॉल के मुकाबले में भी कॉमेट मेनसा पब्लिक स्कूल देहरी ने जीएवी स्कूल कांगड़ा को शिकस्त दी।
शतरंज के लड़कों के वर्ग में ज्वालामुखी जोन ने धर्मशाला जोन को पराजित किया, जबकि लड़कियों के वर्ग में कांगड़ा जोन ने ज्वालामुखी जोन को हराकर जीत हासिल की। प्रतियोगिता में रैत जोन एक भी पुरस्कार हासिल नहीं कर पाया।
स्थानीय स्कूल के प्रधानाचार्य अजय शर्मा ने मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों का स्वागत किया तथा प्रतियोगिता के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर स्थानीय स्कूल के विद्यार्थियों ने कांगड़ा का लोक नृत्य, चंबा का लोक नृत्य, पंजाबी भांगड़ा और गिद्दा प्रस्तुत कर समारोह में खूब रंग जमाया।
समारोह के मुख्य अतिथि उप शिक्षा निदेशक अजय समयाल ने अपने संबोधन में कहा कि खिलाड़ी अगर कड़ी मेहनत और लगन के साथ खेलें तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से खेलों के साथ-साथ पढ़ाई पर भी ध्यान देने का आह्वान किया। इस अवसर पर रिशु पठानिया, मुकेश मिन्हास, नवीन मिन्हास सहित जिला कांगड़ा के विभिन्न क्षेत्रों से आए शिक्षक मौजूद रहे।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


