कांगड़ा के डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय एवं अस्पताल टांडा में उपचाराधीन 27 वर्षीय युवती की चौथी मंजिल से गिरने के कारण मौत हो गई। युवती ने जहरीला पदार्थ खाया था और गंभीर हालत में उसे अस्पताल लाया गया था। घटना तड़के करीब पांच बजे हुई। ऊंचाई से गिरने के बाद युवती ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जिससे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मृतका धीरा क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है। जहरीला पदार्थ खाने के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे टांडा अस्पताल लाया गया था। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, युवती को पहले इमरजेंसी में भर्ती किया गया और बाद में गंभीर स्थिति के चलते रातभर आईसीयू में रखा गया।
उपचार के दौरान हालत में हो रहा था सुधार
अस्पताल के प्राचार्य डॉ. मिलाप शर्मा ने बताया कि युवती को जहरीला पदार्थ खाने के बाद अस्पताल लाया गया था। उपचार के दौरान उसकी हालत में सुधार हो रहा था और बताया जा रहा है कि उसकी स्थिति खतरे से बाहर आने लगी थी।
इसी दौरान युवती स्टाफ और परिजनों की नजरों से बचकर अस्पताल की चौथी मंजिल की खिड़की तक पहुंच गई और वहां से नीचे गिर गई। ऊंचाई से गिरने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल के सुरक्षा कर्मी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटना की सूचना फैलते ही अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
डीएसपी राजेश शर्मा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवती ने जहरीला पदार्थ क्यों खाया था और उपचार के दौरान वह अस्पताल की चौथी मंजिल की खिड़की तक कैसे पहुंची।
पुलिस अस्पताल के स्टाफ, परिजनों और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े लोगों से भी जानकारी जुटा रही है। मामले की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े सभी पहलुओं का पता चल सकेगा।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


