वीरभूमि हिमाचल प्रदेश की एक और होनहार बेटी ने भारतीय सेना में बड़ा मुकाम हासिल कर पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। बिलासपुर जिले के झंडूता उपमंडल के गांव भटेड़ कलां की रहने वाली आंचल वशिष्ठ ने भारतीय सेना में मेजर के पद पर पदोन्नति हासिल कर अपने परिवार और क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आंचल वशिष्ठ भारतीय सेना की मिलिट्री नर्सिंग सर्विस में अपनी सेवाएं दे रही हैं। इससे पहले वह सेना में कैप्टन के पद पर तैनात थीं। देश सेवा के प्रति उनके समर्पण और बेहतरीन कार्यप्रणाली को देखते हुए उन्हें अब मेजर के रैंक पर पदोन्नत किया गया है। वर्तमान में मेजर आंचल वशिष्ठ देश के प्रतिष्ठित आर्मी हॉस्पिटल रिसर्च एंड रैफरल, नई दिल्ली में तैनात हैं, जहां वह सैन्य अधिकारियों, जवानों और उनके परिजनों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रही हैं।
आंचल वशिष्ठ की इस शानदार सफलता के पीछे उनके अनुशासित और शिक्षित पारिवारिक परिवेश का भी अहम योगदान रहा है। उनके पिता सुखदेव वशिष्ठ शिक्षा विभाग में प्रधानाचार्य के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं, जबकि उनकी माता बबिता वर्तमान में राजनीति विज्ञान की प्रवक्ता के रूप में कार्यरत हैं। मेजर आंचल का एक छोटा भाई नैतिक है, जो अभी 11वीं कक्षा में शिक्षा ग्रहण कर रहा है।
गांव की बेटी के भारतीय सेना में मेजर बनने की खबर जैसे ही भटेड़ कलां और भराड़ी क्षेत्र में पहुंची, पूरे इलाके में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजनों को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। अपनी कड़ी मेहनत, लगन और समर्पण से सेना में यह मुकाम हासिल करने वाली मेजर आंचल वशिष्ठ अब झंडूता क्षेत्र की युवा पीढ़ी, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा बन गई हैं।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


