कांगड़ा: ग्राम पंचायत घनेटा की निवासी कुमारी उमंग राणा ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगन के दम पर पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ में क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उमंग राणा ने न केवल अपने माता-पिता और गुरुजनों का गौरव बढ़ाया, बल्कि घनेटा क्षेत्र और कांगड़ा जिले को भी गौरवान्वित किया है।
उमंग राणा, सुपुत्री अजय राणा ने पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ से फैशन एवं लाइफस्टाइल टेक्नोलॉजी में एमएसई की शिक्षा पूरी करने के बाद यूजीसी-नेट के साथ जूनियर रिसर्च फैलोशिप यानी जेआरएफ की परीक्षा उत्तीर्ण की है। खास बात यह है कि उन्होंने इस प्रतिष्ठित परीक्षा में टॉप स्थान हासिल किया है।
आधुनिक विषय में हासिल की बड़ी उपलब्धि
फैशन एवं लाइफस्टाइल टेक्नोलॉजी एक आधुनिक और बहुआयामी विषय है। इसमें वस्त्र, डिजाइन, सौंदर्य, जीवनशैली, आधुनिक विज्ञान, कंप्यूटर और तकनीकी नवाचार जैसे कई क्षेत्रों का समन्वय होता है। ऐसे विषय में उच्च शिक्षा हासिल करने के बाद राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित यूजीसी-नेट और जेआरएफ परीक्षा में टॉप स्थान प्राप्त करना उमंग राणा की मेहनत और प्रतिभा को दर्शाता है।
पूर्व विधायक प्रवीन कुमार ने दी बधाई
उमंग राणा की इस उपलब्धि पर पालमपुर के पूर्व विधायक प्रवीन कुमार ने उन्हें, उनके पिता अजय राणा और दादा हरनाम सिंह राजपूत को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।
प्रवीन कुमार ने कहा कि उमंग राणा ने यह साबित किया है कि प्रतिभा किसी बड़े शहर की मोहताज नहीं होती। यदि लक्ष्य स्पष्ट हो, मेहनत लगातार जारी रहे और परिवार व गुरुजनों का उचित मार्गदर्शन मिले तो गांव की बेटियां भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं।
अन्य युवाओं के लिए बनीं प्रेरणा
पूर्व विधायक ने कहा कि उमंग राणा की सफलता क्षेत्र की अन्य बेटियों और युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है। आज शिक्षा और तकनीक के क्षेत्र में युवाओं के लिए कई नए अवसर उपलब्ध हैं। युवा अपनी रुचि और प्रतिभा के अनुरूप नए क्षेत्रों में आगे बढ़कर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं।




For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


