गंगथ बाजार में हुड़दंगियों ने सड़क किनारे खड़ी एक कार के शीशे पत्थरों से तोड़कर उसे भारी नुकसान पहुंचाया। पीड़ित अनिल शर्मा ने बताया कि वह किसी काम के सिलसिले में भरमौर गए हुए थे। जब वापस घर पहुंचे तो देखा कि सड़क किनारे पार्क की गई उनकी कार के शीशे पत्थरों से तोड़ दिए गए हैं और गाड़ी को काफी नुकसान पहुंचा है।
अनिल शर्मा ने घटना की सूचना पुलिस चौकी गंगथ में दी। इसके बाद जब बाजार में घटना के कारणों का पता लगाने की कोशिश की गई तो गोपाल भल्ला सहित कुछ स्थानीय नागरिकों ने बताया कि दिन के समय बाजार में सन्नाटा रहता है, लेकिन शाम ढलते ही यहां कुछ शरारती तत्व सक्रिय हो जाते हैं और इस तरह की घटनाओं को अंजाम देते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पहले भी शरारती तत्व करीब 10 गाड़ियों को नुकसान पहुंचा चुके हैं। इतना ही नहीं, दुकानों के बाहर लगे बिजली के मीटर और स्ट्रीट लाइटों को भी तोड़े जाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इससे बाजार के लोगों में चिंता बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि इस बार कार में तोड़फोड़ करने वाले लोगों का पता चल गया है और वे हुए नुकसान का हर्जाना देने के लिए तैयार हैं। ऐसे में जिन लोगों की गाड़ियों को पहले नुकसान पहुंचाया गया था, वे भी इन्हीं लोगों को जिम्मेदार मानते हुए अपने वाहनों को हुए नुकसान का हर्जाना देने की मांग कर रहे हैं।




For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


