पुलिस थाना हरिपुर के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र में 41 वर्षीय विकास चौधरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान विकास चौधरी पुत्र सतीश चौधरी, निवासी हरिपुर के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि मामला आत्महत्या का हो सकता है, हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
करीब 20 दिन पहले नौकरी छोड़कर गांव लौटा था विकास
परिजनों के मुताबिक, विकास चौधरी पहले बद्दी में नौकरी करता था। करीब 20 दिन पहले उसने नौकरी छोड़ दी थी और वापस अपने गांव हरिपुर लौट आया था। बताया जा रहा है कि वह नौकरी छोड़ने के बाद टैक्सी लेकर अपना काम शुरू करने की योजना बना रहा था। उसकी पत्नी फिलहाल बद्दी में रहती है, जबकि दोनों बेटे हरिपुर में अपनी दादी के पास रहकर पढ़ाई कर रहे हैं।
बाजार से लौटने के बाद अचानक बद्दी जाने की जिद
बताया जा रहा है कि बीती रात विकास बाजार से घर लौटा था। परिजनों के अनुसार, उस समय उसने कथित तौर पर शराब पी रखी थी। घर पहुंचने के बाद वह अचानक बद्दी जाने की जिद करने लगा और अपनी गाड़ी लेकर निकल गया। हालांकि, कुछ दूरी पर उसकी गाड़ी फंस गई। इसके बाद वह किसी तरह गाड़ी लेकर वापस घर लौट आया और बाहर बैठ गया।
परिजनों ने उसे समझाया और अंदर जाकर सोने के लिए कहा। इसके बाद विकास अपने कमरे में चला गया। कुछ समय बाद जब परिजन कमरे की ओर गए, तो वह वहां संदिग्ध अवस्था में मृत मिला। घटना का पता चलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
कमरे को किया सील, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
परिजनों की सूचना पर हरिपुर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और कमरे को सील कर दिया। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। तलाशी के दौरान ऐसा कोई पत्र या सुराग नहीं मिला, जिससे घटना के कारणों का स्पष्ट पता चल सके।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल देहरा भेज दिया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मौत की वजह का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह: एसपी
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी संदीप धवल ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की गहनता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों का विश्लेषण करने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा। जांच के निष्कर्षों के आधार पर नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


