बिलासपुर: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के घुमारवीं में गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। जबलू से घुमारवीं जा रही एचआरटीसी की बस भगेड़-पनोल मार्ग पर हनुमान मंदिर के पास हादसे का शिकार हो गई। बस में करीब 28 यात्री सवार थे। उतराई में अचानक अनियंत्रित हुई बस सामने से आ रही निजी बस से टकरा गई और इसके बाद सड़क से बाहर निकलकर खाई की ओर लुढ़कने लगी। हालांकि, सड़क किनारे बना पैरापिट बस के लिए सुरक्षा कवच बन गया और बस उसी पर अटक गई। इससे बस करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिरने से बच गई और बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार एचआरटीसी की बस जबलू से घुमारवीं के लिए रवाना हुई थी। भगेड़ के पास उतराई में चालक ने बस के एक हिस्से से कुछ टूटने की आवाज सुनी। इसके बाद बस अनियंत्रित होने लगी। चालक ने वाहन को रोकने और नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसी दौरान सामने से आ रही निजी बस से एचआरटीसी बस की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बस सड़क से बाहर निकलकर खाई की ओर लुढ़कने लगी और सड़क किनारे बने पैरापिट पर जाकर अटक गई।
बस खाई में गिरने से बाल-बाल बची
बस के पैरापिट पर अटक जाने से वह करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिरने से बच गई। बस को इस स्थिति में देखकर यात्रियों की सांसें अटक गईं और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बस में स्कूली-कॉलेज विद्यार्थी, नौकरीपेशा लोग और अन्य यात्री सवार थे। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की।
हादसे में किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई। हालांकि, कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आने की जानकारी है। हादसे के बाद कुछ समय तक मौके पर दहशत का माहौल रहा, लेकिन सभी यात्रियों के सुरक्षित बाहर निकलने के बाद स्थिति सामान्य हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हादसे के कारणों की जांच शुरू की। दुर्घटना के कारण सड़क मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ और दोनों तरफ वाहनों की कतारें लग गईं। पुलिस ने मौके पर स्थिति संभालते हुए यातायात सुचारू करवाया। हादसा आखिर किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है।




For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


