मंडी, 16 अगस्त: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार सवार 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि तेज रफ्तार कार के परखच्चे उड़ गए। कार अनियंत्रित होकर तीन ट्रकों से टकराई।
अलसू फोरलेन चौक के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार हादसा कीरतपुर-मनाली हाईवे पर अलसू फोरलेन चौक के पास हुआ। मृतक की पहचान हरियाणा निवासी लोकराम के 26 वर्षीय पुत्र आकाश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कार में कुल पांच लोग सवार थे।
प्रत्यक्षदर्शी विवेक शर्मा निवासी हमीरपुर के अनुसार, वह देर रात अपनी गाड़ी से भुंतर से नालागढ़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अलसू चौक के पास एक सफेद रंग की कार नंबर HR 51 CX 8809 तेज रफ्तार से वहां से गुजरी। कार ने पहले सड़क किनारे खड़े एक ट्रक को टक्कर मारी और इसके बाद आगे खड़े दूसरे ट्रक से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का पिछला हिस्सा घूमकर सड़क पर आ गया और विवेक शर्मा की गाड़ी से भी टकरा गया।
कार के उड़े परखच्चे, आकाश ने तोड़ा दम
हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और कार में सवार पांचों युवकों को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने आकाश को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल विवेक, सचिन, परवीन और पीयूष को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एम्स बिलासपुर रेफर किया गया। ये सभी युवक हरियाणा के रहने वाले बताए गए हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।




For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


