हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने परीक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और आधुनिक बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत मार्च 2027 में होने वाली नियमित परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्रों के प्रतिधारण और नवीनीकरण की प्रक्रिया अब ऑनलाइन कर दी गई है। इसके लिए प्रदेशभर के शिक्षण संस्थानों से निर्धारित समय-सीमा में ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं।
जो विद्यालय अपने संस्थान को परीक्षा केंद्र के रूप में बरकरार रखना चाहते हैं, वे 1 सितंबर से 30 सितंबर तक बोर्ड की वेबसाइट पर सामान्य शुल्क के साथ ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। बोर्ड ने स्कूलों से अपील की है कि वे अंतिम समय का इंतजार न करें और समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।
इसके बाद आवेदन करने वाले संस्थानों को विलंब शुल्क देना होगा। 1 से 15 अक्तूबर तक आवेदन करने पर 1,000 रुपये और 16 से 31 अक्तूबर तक आवेदन करने पर 2,000 रुपये लेट फीस निर्धारित की गई है। यदि कोई संस्थान 31 अक्तूबर तक भी आवेदन नहीं करता है, तो उसके मामले पर केवल बोर्ड सचिव या अध्यक्ष की विशेष अनुमति मिलने के बाद ही विचार किया जाएगा। ऐसी स्थिति में संस्थान को 5,000 रुपये विलंब शुल्क के साथ नियमानुसार दंड भी देना होगा।
आवेदन प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए बोर्ड ने नियम, शर्तें और आवश्यक दिशा-निर्देश अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिए हैं। बोर्ड का कहना है कि ऑनलाइन व्यवस्था से स्कूलों को घर बैठे आवेदन करने की सुविधा मिलेगी और परीक्षा केंद्रों से जुड़ी पूरी प्रक्रिया में जवाबदेही और पारदर्शिता बढ़ेगी।
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी, निष्पक्ष और तकनीक-सक्षम बनाना बोर्ड की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बोर्ड ने स्कूलों से विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए निर्धारित समय के भीतर आवेदन पूरा करने का आग्रह किया है।




For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


