पुहाड़ा खोली खड्ड में अज्ञात व्यक्ति के बहने की सूचना, विधायक केवल सिंह पठानिया ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
शाहपुर, 16 अगस्त। शाहपुर के नजदीक पुहाड़ा स्थित खोली खड्ड में भारी पानी के तेज बहाव के बीच एक अज्ञात व्यक्ति के बहने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही हिमाचल प्रदेश विधानसभा के उपमुख्य सचेतक एवं शाहपुर विधायक केवल सिंह पठानिया स्थानीय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
विधायक केवल सिंह पठानिया ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। खड्ड में पानी का बहाव अत्यधिक तेज होने के कारण व्यक्ति की तत्काल पहचान नहीं हो पाई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए विधायक केवल सिंह पठानिया ने जिला पुलिस प्रशासन और जिलाधीश कांगड़ा से दूरभाष पर बातचीत कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने एसडीएम शाहपुर, एसडीएम कांगड़ा और एसडीएम ज्वाली को भी घटना की जानकारी देने के निर्देश दिए, ताकि व्यक्ति की पहचान सहित घटना से संबंधित आवश्यक जानकारी जुटाई जा सके।
उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए कि व्यक्ति की पहचान सुनिश्चित करने के साथ नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए। साथ ही, पहचान होने पर पार्थिव शरीर को परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान शाहपुर पुलिस भी थाना प्रभारी राजिंदर सिंह के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन और पुलिस की टीमें मामले से जुड़ी जानकारी जुटाने तथा संभावित तलाश अभियान को लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई हैं।




For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


